पीटीआई, नासिक। नासिक की टीसीएस इकाई में यौन उत्पीड़न की शिकार महिला ने नया पर्दाफाश किया है। उसने पुलिस को बताया है कि आरोपितों में से एक ने चार साल पहले उसका यौन शोषण किया। उसने अपनी शादी छिपाई और कार्यस्थल पर उसके धर्म का अपमान करते हुए इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव डाला।
आठ लोगों को गिरफ्तार किया
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की नासिक इकाई में यौन उत्पीड़न और मतांतरण के लिए दबाव डालने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है। उसने नौ एफआइआर दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
कंपनी ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। कंपनी ने शुक्रवार को कहा था कि उसे अपने आंतरिक चैनलों के माध्यम से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह चार साल पहले आरोपितों में से एक से मिली थी। उसने एक ही कालेज से स्नातक किया था। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने उसे टीसीएस में नौकरी दिलाने का वादा किया था।
जुलाई 2022 में देवलाली कैंप इलाके में मुलाकात के दौरान आरोपित ने उसके साथ जबरदस्ती की और उससे शादी करने की इच्छा भी जताई। इस बीच महिला ने टीसीएस में नौकरी कर ली, जहां आरोपित भी काम करता था।
शिकायत में महिला ने बताया है कि फरवरी 2026 में आरोपित की पत्नी ने उससे संपर्क किया। पत्नी ने बताया कि आरोपित शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। जब आरोपित से इस बारे में पूछा गया तो उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसका उससे शादी करने का कोई इरादा नहीं है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित अपने दो अन्य सहकर्मियों के साथ कंपनी की कैंटीन में अक्सर उससे मिलता था और तीनों अक्सर हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करते थे।
आरोप है कि उन्होंने उसे ‘शिवलिंग’ की पूजा करने को अश्लील बताया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव भी डाला। एफआइआर के अनुसार, कुछ सह-आरोपितों द्वारा उसका यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल किया गया।
आरोपित निदा खान अग्रिम जमानत के लिए पहुंची कोर्ट
नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय में कुछ महिला सहकर्मियों के मतांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में आरोपित महिला कर्मचारी निदा खान ने शनिवार को स्वयं को गर्भवती बताते हुए अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।
उसने कहा है कि उस पर लगाए गए आरोपों के लिए सात साल से कम की सजा का प्रविधान है। निदा खान की याचिका पर नासिक सत्र न्यायालय में सोमवार को सुनवाई होगी।
निदा के वकील ने उसके खिलाफ लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनकी मुवक्किल पर अन्य महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप नहीं लगाया जा सकता।