केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के दाैरे पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करनाल में एक किमी की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा की। मंच से संबोधन करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस की अराजकता व तुष्टीकरण की राजनीति अब पूरी तरह एक्सपोज हो चुकी है और देशवासी इसके ख़िलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं, “आज हमारी भाजपा द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली का आखिरी दिन है। 22 अक्बतूर से 5 नवंबर तक, यह रैली पूरे देश में पार्टी मुख्यालयों पर आयोजित की गई। हर जगह, हमने एक जैसा उत्साह और भारी भीड़ देखी है। देश भर की सड़कों पर हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जनता का जबरदस्त समर्थन देखने को मिला है।
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी को तीन करोड़ घुसपैठियों की चिंता है, हम एसआईआर पर विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। हम घुसपैठियों को चुन चुनकर देश से बाहर निकालेंगे।
अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र में संसद चर्चा का सर्वोपरि स्थान है। राहुल गांधी संसद चलने नहीं देते हैं, मुद्दों पर चर्चा नहीं करते हैं। संसद में शोर-शराबा, बहिष्कार करने को कांग्रेस ने कल्चर बना दिया है। संसद चलने नहीं देनी है और रोड पर भीड़ इकट्ठा करके अराजकता फैलानी है। कांग्रेस ने रैली के लिए एक नवंबर का दिन चुना। इस दिन 1984 में कांग्रेस ने सिख दंगे कराए। सिख लोगों का नरसंहार हुआ।
शाह ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के साथ नहीं है। हमारी एक एक रैली में हजारों लोग होते हैं। आपने पूरे देश से दिल्ली में लोग बुलाए, 10 लाख लोगों का आह्वान किया। मैदान की क्षमता ही 70 हजार है, वो भी आधा खाली था। अब जनता आपके छलावे में नहीं आने वाली।