इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका ने भारत समेत अपने कुछ सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों पर कई तरह के नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है.
ये टैरिफ़ मैन्युफ़ैक्चरिंग के अलग-अलग क्षेत्रों में ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन और उत्पादन क्षमता की जांच के लिए की गई सेक्शन 301 की जांच के बाद लगाए जा रहे हैं.
इस जांच के दायरे में आने वाली देश हैं: भारत, चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्ज़रलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश और जापान.
अलग-अलग देशों और उत्पादों पर अलग-अलग दरों से टैरिफ़ लगाया जाएगा.
चीन पर सबसे ज़्यादा, 40 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया गया है. इसके बाद वियतनाम पर 35 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगेगा. वहीं, दूसरे देशों पर 20 या 25 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया जाएगा.
कुछ देशों पर अधिकतम 25 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया जाएगा. इनमें थाईलैंड और भारत शामिल हैं. वहीं, जापान समेत कुछ अन्य देशों पर अधिकतम 20 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगेगा. इस सूची में ब्रिटेन शामिल नहीं है.
हालांकि, इनमें से कुछ टैरिफ़ की दरें असल में कम हो जाएंगी, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कुछ देशों के साथ टैरिफ़ की अधिकतम सीमा तय करने पर सहमत हो चुके हैं.
ट्रंप की ‘टैरिफ़-धमकी’
माइकल रेस
बिज़नेस और अर्थव्यवस्था संवाददाता
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में बार-बार टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है या उन्हें लागू किया है. उनका तर्क है कि इस नीति से अमेरिका में मैन्युफ़ैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे.
हालांकि, अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि आयात पर टैक्स लगाने से महंगाई बढ़ सकती है और उपभोक्ताओं के लिए चीज़ें महंगी हो सकती हैं. इससे वैश्विक व्यापार पर भी असर पड़ सकता है.
यह ताज़ा क़दम ऐसे समय उठाया गया है, जब इस साल की शुरुआत में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला दिया था कि आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल करके ट्रंप की ओर से लगाए गए कई टैरिफ़ ग़ैरक़ानूनी थे.
इसके बाद इस साल गर्मी में अमेरिका की उन कंपनियों को अरबों डॉलर का टैरिफ़ रिफंड देना पड़ा, जिन्होंने सामान आयात करने के लिए ये शुल्क चुकाए थे.
हालांकि, इससे ट्रंप प्रशासन की टैरिफ़ लगाने की कोशिशों पर कोई रोक नहीं लगी. व्हाइट हाउस इन टैक्स को लागू करने के लिए क़ानून के दूसरे रास्ते तलाश रहा है. आज का फ़ैसला भी इसी कोशिश का एक और उदाहरण है.
क्या टैरिफ़ लागू रह पाएंगे?
इमेज स्रोत, Getty Images
ओसमंड चिया,
बिज़नेस रिपोर्टर
पिछले साल अप्रैल में डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के कई व्यापारिक साझेदारों पर बड़े पैमाने पर टैरिफ़ लगाने का एलान किया था. इसके लिए उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को मिले आपातकालीन अधिकारों का इस्तेमाल किया था.
इनमें से कई टैरिफ़ को बाद में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था.
इसलिए बुधवार को जिन आयात शुल्कों का एलान किया गया है, वे ट्रंप के टैरिफ़ को दोबारा लागू करने की नई कोशिश हैं.
हालांकि, इस बार ट्रंप प्रशासन ने अलग तरीक़ा अपनाया है. ISEAS-युसोफ़ इशाक इंस्टीट्यूट के व्यापार विशेषज्ञ जयंत मेनन का कहना है कि इस वजह से इन टैरिफ़ को किसी क़ानूनी चुनौती के ज़रिए रद्द कराना मुश्किल हो सकता है.
मेनन के मुताबिक़, पिछले साल ट्रंप ने जिन टैरिफ़ का एलान किया था, उनकी तुलना में नए शुल्क कम क्षेत्रों पर लागू होंगे. इनकी दरें भी ज़्यादातर मामलों में काफ़ी कम और एक जैसी हैं.
ये टैरिफ़ व्हाइट हाउस की ओर से कराई गई कई महीनों की जांच पर भी आधारित हैं. इस जांच में इन क्षेत्रों की श्रम और व्यापार नीतियों और अमेरिका पर उनके संभावित असर का अध्ययन किया गया.
सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद नए टैरिफ़ की तैयारी की थी
इमेज स्रोत, Reuters
नए टैरिफ़ लगाने के प्रस्ताव ऐसे समय आए हैं, जब व्हाइट हाउस ने मार्च में दूसरे देशों की व्यापार नीतियों की जांच शुरू की थी.
यह जांच अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के उस फ़ैसले के बाद शुरू हुई थी, जिसमें कहा गया था कि ट्रंप के तथाकथित ‘लिबरेशन डे’ टैरिफ़, जिन्हें प्रशासन ने जवाबी टैरिफ़ कहा था, क़ानूनी नहीं थे.
अदालत के इस फ़ैसले के बाद ट्रंप ने कहा था कि वह टैरिफ़ लगाने के लिए दूसरे क़ानूनी तरीक़ों का इस्तेमाल करेंगे.
मार्च में अमेरिका ने सेक्शन 301 के तहत जांच शुरू की. इसमें यह पता लगाया जाना था कि क्या कुछ व्यापारिक साझेदार ऐसी नीतियां अपना रहे हैं, जो “अनुचित या भेदभावपूर्ण हैं और अमेरिकी व्यापार पर बोझ डालती हैं या उसे सीमित करती हैं”.
उस समय अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर ने कहा था, “अमेरिका अब अपने औद्योगिक आधार को उन देशों के हाथों ख़त्म नहीं होने देगा, जो अपनी ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन और क्षमता की समस्या हमारे यहां निर्यात कर सकते हैं.”
उन्होंने कहा था, “आज शुरू की गई जांच राष्ट्रपति ट्रंप की उस प्रतिबद्धता को दिखाती है, जिसके तहत अहम सप्लाई चेन को वापस अमेरिका लाना और मैन्युफ़ैक्चरिंग के सभी क्षेत्रों में अमेरिकी कामगारों के लिए अच्छी तनख़्वाह वाली नौकरियां पैदा करना शामिल है.”
ग्रीयर ने आगे कहा, “कई क्षेत्रों में अमेरिका के व्यापारिक साझेदार घरेलू स्तर पर अपनी खपत से ज़्यादा सामान बना रहे हैं.”
नई लिस्ट में कनाडा शामिल नहीं
इमेज स्रोत, Getty Images
जाल्टसन अक्कनाथ चुम्मार
एशिया बिज़नेस प्रोड्यूसर
आज के एलान में जिन देशों और क्षेत्रों को निशाना बनाया गया है, उनमें से कई ऐसे हैं जिन पर ट्रंप अक्सर व्यापार के मामले में निशाना साधते रहे हैं.
लेकिन इस सूची में एक अहम नाम नहीं है-कनाडा.
जब कनाडा के बारे में पूछा गया, तो मंगलवार को पत्रकारों को जानकारी देने वाले ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जिन देशों की व्यापार नीतियों की जांच शुरू की गई थी और बाद में जिन्हें दोषी पाया गया उनमें कनाडा शामिल नहीं था.
हालांकि, उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि कनाडा को पूरी तरह क्लीन चिट मिल गई है. उन्होंने कहा कि सूची में शामिल दूसरे देशों के मामले “बहुत गंभीर” थे, जिन पर कार्रवाई करना ज़रूरी था.
ट्रंप प्रशासन इससे पहले कनाडा पर कई दौर में टैरिफ़ लगा चुका है. अमेरिका को होने वाले कनाडा के कुछ निर्यात पर ये टैरिफ़ 50 फ़ीसदी तक रहे हैं. इनमें स्टील, तांबा, कारें और शराब शामिल हैं.
इसके जवाब में कनाडा ने भी अमेरिका से आने वाले सामान पर जवाबी टैरिफ़ लगाए. इनमें धातुएं, समुद्री खाद्य पदार्थ और डेयरी उत्पाद शामिल हैं.
हालांकि, अमेरिका और कनाडा के बीच होने वाले व्यापार का बड़ा हिस्सा अब भी टैरिफ़ मुक्त है. इसकी वजह यह है कि यह व्यापार अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते (USMCA) के तहत आता है.
चीन के साथ ट्रेड वॉर हो सकता है तेज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इन नए टैरिफ़ से दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध फिर तेज़ हो सकता है.
दोनों देशों के राष्ट्रपतियों डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच एक साल से कुछ ज़्यादा समय पहले दक्षिण कोरिया में मुलाक़ात हुई थी. इस मुलाक़ात में दोनों देश व्यापार युद्ध पर एक अहम सहमति पर पहुंचे थे.
हालांकि, इस समझौते को आगे बढ़ाया गया है, लेकिन इसकी अवधि जनवरी में ख़त्म होने वाली है. नए टैरिफ़ से अमेरिका को जारी बातचीत में चीन पर दबाव बनाने का एक और मौक़ा मिल सकता है.
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में इस बात को लेकर कुछ प्रगति हुई है कि चीन समझौते में अपनी ज़िम्मेदारियां पूरी नहीं कर रहा है.
अमेरिका चाहता है कि चीन उसे रेयर अर्थ खनिजों तक बेहतर पहुंच दे. ये खनिज टेक्नोलॉजी से जुड़े कई तरह के सामान बनाने के लिए बेहद अहम हैं. इसके अलावा, अमेरिका चाहता है कि चीन उससे ज़्यादा कृषि उत्पाद ख़रीदे.
चीन लगातार कहता रहा है कि व्यापार युद्ध किसी के हित में नहीं है और बातचीत ही इसका सबसे अच्छा रास्ता है.
आज के एलान से पहले चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, “तथाकथित ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन की बात एक ग़लत धारणा है. चीन राजनीतिक मक़सद से इस अवधारणा के इस्तेमाल का विरोध करता है.”
दोनों देश एक-दूसरे को निर्यात होने वाले कुछ सबसे अहम सामानों पर भी नियंत्रण रख रहे हैं.
ऐसे में दोनों देश एक-दूसरे को कितनी रियायतें देने को तैयार होते हैं, यह दिसंबर में मियामी में ट्रंप और शी जिनपिंग की अगली मुलाक़ात के दौरान अहम मुद्दा होगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.