डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और काकरोच जनता पार्टी पर विदेशी ताकतों के समर्थन से देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
साथ ही उन्होंने चेताया कि सरकार उनके ‘गलत मंसूबों’ से सख्ती से निपटेगी और पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर उनकी साजिश को नाकाम करेंगे।
नवीन ने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि राहुल गांधी, केजरीवाल और सीजेपी अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे।
उन्होंने कहा,‘देश और उसके 140 करोड़ लोगों को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसा कौन कर रहा है? दो अराजक गुट ऐसा कर रहे हैं। इनमें से एक का नेतृत्व आइएनडीआइए के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं और दूसरे का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल और उनकी सहयोगी सीजेपी कर रहे हैं।’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों गुट एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं ताकि यह साबित कर सकें कि उनमें से कौन ज्यादा अराजकता फैलाने वाला है। नवीन ने कहा कि उन्हें समझ लेना चाहिए कि भारत की जनता उनके मंसूबों से पूरी तरह वाकिफ है।
नवीन ने कहा,‘आप जिस तरह की बिकाऊ राजनीति कर रहे हैं और अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, उसमें कभी सफल नहीं होंगे। भाजपा और देशभक्त आपको इसका करारा जवाब देंगे।’
नवीन ने कहा कि जब लोगों ने आपको नकार दिया और लोकतंत्र ने आपको सजा दी तो आपने देश को अस्थिर करने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती देना और झूठ का सहारा लेना लोगों के जनादेश का अपमान है। नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘न्यू इंडिया’ के निर्माण के लिए समर्पित हैं और देशवासी उन पर भरोसा जताते हैं।
उन्होंने कहा,‘हम देश के विकास को पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और जनता यह जानती है, हम शांति और प्रगति सुनिश्चित करेंगे और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए मिलकर काम करेंगे। साथ ही, देश को कमजोर करने की कोशिश करने वाली किसी भी ताकत चाहे वह देश के भीतर हो या बाहर, उससे से सख्ती से निपटेंगे।’
अर्बन नक्सल सोच वाले लोग देश को अस्थिर करने पर आमाद
नवीन ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा-राजग ने पिछले 12 वर्षों में देश को डर के माहौल से मुक्त कराया है और आतंकवाद तथा नक्सलवाद को जड़ से खत्म किया है। फिर भी अर्बन नक्सल सोच वाले कुछ लोग देश को अस्थिर करने पर आमादा हैं।
उन्होंने राहुल को संबोधित करते कहा- ‘आपकी महत्वाकांक्षाएं कभी सफल नहीं होंगी। सभी देशभक्त और राष्ट्रवादी एकजुट होकर आपकी साजिशों को नाकाम करेंगे।’ (समाचार एजेंसी PTI के इनपुट के साथ)