पीटीआई, गुवाहाटी। असम में अलग-अलग अभियानों के दौरान 1.4 करोड़ रुपये की याबा टैबलेट और 1.2 लाख से अधिक म्यांमार की सिगरेट के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया याबा टैबलेट्स श्रीभूमि जिले में जब्त की गईं, वहीं तस्करी की गई सिगरेट कछार जिले में जब्त की गई। याबा टैबलेट मादक पदार्थ होता है। इस पर भारत में प्रतिबंध है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कहा, पुलिस ने दो वाहनों को रोका और 14 हजार याबा टैबलेट्स जब्त कीं, जिनकी कीमत 1.4 करोड़ रुपये है। पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इंटरनेट मीडिया पोस्ट में बताया कि कछार जिले में एक और अभियान चलाया गया।
पुलिस ने असम-मेघालय सीमा पर डिगोर्कहाल चेक पोस्ट पर एक वाहन को रोका और छिपाई गई 1,20,000 बर्मीज सिगरेटें जब्त कीं। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।