जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों द्वारा दो मजूदरों की हत्या को कायरना और शर्मनाक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। आतंकवाद के खिलाफ देश की एकजुट लड़ाई की प्रतिबद्धता दोहराते हुए हमलवारों को सख्त सजा दिए जाने की मांग भी की है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मजदूरों पर आतंकी हमले को घिनौना करार देते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
जम्मू कश्मीर में शुक्रवार देर रात हुई इस घटना को लेकर एक्स पर पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है।
शोकाकुल परिवारों को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। आतंकियों के ऊपर इस कायराना हमले के लिए सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। आतंकवाद के खिलाफ देश हमेशा एकजुट है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला है। दो निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।
खरगे ने शोकाकुल परिवारोंके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हमले में शामिल दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करते सख्त से सख्त सजा दिए जाने की बात कही।