इमेज स्रोत, Supplied by family
ईरान में तारानेह रहीमी को मौत की सज़ा सुनाई गई है.
उनके कज़िन का कहना है कि हाल के हफ़्तों में, पिटाई के कारण 21 साल की यह लड़की ठीक से चल नहीं पा रही है और सिर की चोट का इलाज न होने से हुए कान के इन्फे़क्शन ने उसके शरीर का संतुलन बिगाड़ दिया है.
मसूद नूरमोहम्मदी ने बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी को बताया कि वह “हिम्मत बनाए हुए हैं” लेकिन “कुछ दिन ऐसे भी होते हैं जब वह रो पड़ती हैं.”
उनका कहना है कि जनवरी में देश भर में हुए सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के बाद तारानेह और उनकी जुड़वां बहन रोमिना को गिरफ़्तार कर लिया गया था.
अमेरिका से हमसे बात करते हुए नूरमोहम्मदी ने बताया कि जब जुड़वां बहनों की मां ने जेल में उन्हें पहली बार देखा, तो उनका चेहरा बुरी तरह सूजा हुआ था. उन पर काफ़ी चोटें थीं. उनके बाल भी नोच लिए गए थे, कि वह उन्हें सिर्फ़ उनकी आवाज़ से ही पहचान पाईं.
उनका कहना है कि पूछताछ करने वालों ने ये धमकी दी थी कि उनकी बहन के साथ उनके सामने ही रेप किया जाएगा. इसके बाद तारानेह ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कागज़ पर दस्तख़त कर दिए.
ईरान के लिए यूएन की मानवाधिकार रिपोर्टर माई सातो के मुताबिक़, तारानेह उन छह महिलाओं में से एक हैं जिन्हें इस साल जनवरी के विरोध-प्रदर्शनों के सिलसिले में मौत की सज़ा सुनाई गई है.
पुरुषों के मामले में यह संख्या बहुत ज़्यादा है. एमनेस्टी इंटरनेशनल की ईरान रिसर्चर राहा बहरीनी का कहना है कि राजनीतिक कारणों से दी जाने वाली मौत की सज़ाओं में ” भयानक बढ़ोतरी” हुई है.
इसके तहत महिला प्रदर्शनकारियों और सरकार का विरोध करने वालों को भी इतनी बड़ी संख्या में मौत की सज़ा दी जा रही है. पिछले कई दशकों में इसमें इतनी भारी बढ़ोतरी नहीं हुई थी.
इमेज स्रोत, Anonymous/Getty Images
लंदन में ईरान के दूतावास ने बीबीसी को बताया कि विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मामलों में मौत की सज़ा के इस्तेमाल में बढ़ोतरी के दावे “गुमराह करने वाले” हैं.
इसने यातना देने के आरोपों और इस बात को पूरी तरह से ख़ारिज कर दिया कि केवल शांतिपूर्ण विरोध के लिए मौत की सज़ा दी गई है, जबकि विरोध करना एक “वैध और संरक्षित अधिकार” है.
इसमें कहा गया है, “जनवरी 2026 के दंगे” के सिलसिले में मौत की सज़ा उन मामलों में सुनाई गई जिनमें “जान-बूझकर हत्या” या “मोहारेबेह (लोगों की जान या संपत्ति को नुकसान पहुँचाने या डराने-धमकाने के इरादे से हथियार उठाना)” शामिल था.
नूरमोहम्मदी का कहना है कि इन बहनों को जनवरी के आख़िर में पकड़ा गया था.
यह उन विरोध-प्रदर्शनों के ख़त्म होने के दो हफ़्ते बाद की बात है, जो दिसंबर के आख़िर में ईरान में आर्थिक दिक्कतों की शिकायतों को लेकर शुरू हुए थे.
ये 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद ईरान में धार्मिक सत्ता के ख़िलाफ़ सबसे बड़े विरोध-प्रदर्शन बन गए थे.
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (एचआरएएनए) का कहना है कि उसने बाद में हुई कार्रवाई में मारे गए 7,000 से ज़्यादा लोगों की पहचान की है.
इनमें ज़्यादातर प्रदर्शनकारी थे, लेकिन उसका मानना है कि असल संख्या इससे कहीं ज़्यादा है.
ईरान की सरकार अशांति फैलाने के लिए अमेरिका और इसराइल पर आरोप लगाती है और मौतों के लिए “आतंकवादियों” और “दंगाइयों” को ज़िम्मेदार ठहराती है.
सरकार के मुताबिक़, इनमें मरने वालों की कुल संख्या 3,117 थी, जिसमें सुरक्षा बलों के कुछ सदस्य भी शामिल थे.
जुड़वां बहनों के कज़िन का कहना है कि तीन महीने से ज़्यादा समय तक उनके परिवार को यह पता नहीं चला कि उन्हें कहां रखा गया था.
उन पर इस्फ़हान में हुए विरोध-प्रदर्शनों के सिलसिले में मुक़दमा चलाया गया. यह शहर का वह इलाका था जहां इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) सुरक्षा बल का एक सदस्य मारा गया था.
इमेज स्रोत, Instagram
कोर्ट के दस्तावेज़ अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन बीबीसी ने सज़ा से जुड़े दस्तावेज़ का एक हिस्सा देखा है.
इसमें कहा गया है कि तारानेह को ‘मोहारेबेह’ का दोषी ठहराया गया था, जो ईरान के इस्लामिक दंड संहिता के तहत मौत की सज़ा वाला अपराध है.
दस्तावेज़ के मुताबिक़, इस अपराध में “लोगों की जान को ख़तरे में डालने के इरादे से धारदार हथियार निकालना” शामिल था.
संयुक्त राष्ट्र के रिपोर्टर सातो के अनुसार, रोमिना को ‘मोहारेबेह’ (ईश्वर के विरुद्ध युद्ध) में मदद और उकसाने के कम गंभीर आरोप में 25 साल की जेल की सज़ा सुनाई गई.
नूरमोहम्मदी, जो ईरान में इस मामले से जुड़े रिश्तेदारों और दूसरे लोगों के संपर्क में हैं, का कहना है कि दोनों महिलाओं ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है और इस बात का कोई सबूत नहीं है कि तारानेह के पास कोई “धारदार हथियार” था.
सातो का कहना है कि ये बहनें उस मामले का हिस्सा थीं जिसमें दस लोगों को मौत की सज़ा सुनाई गई थी, लेकिन “हर व्यक्ति के किए गए कामों के बारे में कोई साफ़ जानकारी नहीं दी गई थी”.
मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक़, जुड़वां बहनों के वकीलों ने शिकायत दर्ज कराई है कि पूछताछ के दौरान उनके मुवक्किलों को प्रताड़ित किया गया और उनका यौन शोषण किया गया, लेकिन इस मामले की जांच की देखरेख वही अधिकारी कर रहा है जिस पर उन्होंने प्रताड़ना का आरोप लगाया है.
इमेज स्रोत, Supplied to human rights groups
मौत की सज़ा का इंतज़ार कर रही दूसरी महिलाओं के वॉइस मैसेज में हताशा और विरोध, दोनों का मिला-जुला भाव है.
अधिकार समूहों मुताबिक़ महबूबेह शबानी को सितंबर में ईरान के जासूसी कानून के तहत मौत की सज़ा सुनाई गई थी. उन पर घायल प्रदर्शनकारियों को ले जाने का आरोप था.
अधिकार समूहों के मुताबिक़, महबूबेह शबानी जिनके बारे में आम तौर पर कहा जाता है कि वे 33 साल की हैं और एक सिविल इंजीनियर हैं
उन्होंने उत्तर-पूर्वी ईरान के मशहद शहर की जेल से अपने और दूसरे कैदियों के लिए मदद की गुहार लगाई.
उन्होंने कहा, “हर कोई मानसिक रूप से बहुत बुरे दौर से गुज़र रहा है, खासकर वे लोग जिनकी सज़ा तय हो चुकी है.”
अधिकार समूहों के मुताबिक़, ”मशहद में नजमेह अमिनी भी जेल में बंद हैं. बताया जाता है कि उनकी उम्र 23 साल है. उन्हें शुरू में जनवरी के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान गिरफ़्तार किया गया था और बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में ईशनिंदा (धर्म का अपमान) करने का दोषी पाए जाने पर उन्हें मौत की सज़ा सुनाई गई.”
उनके नाम से जारी एक वॉइस मैसेज में कहा गया है, “जब तक मैं ज़िंदा हूँ, मुझे बस एक ही उम्मीद है.
”और वह है फाँसी के फंदे से अपनी ज़िंदगी खत्म होने से पहले एक आज़ाद और खुशहाल ईरान को देखना.”
इसके अलावा, मानवाधिकार समूहों के मुताबिक़, 27 साल की मोजदेह हाशमी बाज़ारगानी को भी मौत की सज़ा का सामना करना पड़ रहा है.
उनका कहना है कि ईरान, इसराइल और अमेरिका के बीच चल रहे मौजूदा युद्ध के दौरान अप्रैल में गिरफ़्तार किए जाने के बाद, उन्हें “जासूसी” समेत कई आरोपों में दोषी ठहराया गया था.
अमेरिका में मौजूद ईरानी अधिकार समूह ‘तवाना’ ने एक ऑडियो शेयर किया है.
उनका कहना है कि यह ऑडियो जेल से की गई उस महिला की फ़ोन कॉल का है, जिसमें उसने बताया है कि उसके सिर, गर्दन और शरीर पर मारपीट की गई और उससे ज़बरदस्ती गुनाह कबूलने वाले कागज़ पर दस्तखत करवाए गए.
रिकॉर्डिंग में महिला कहती है, “उन्होंने मुझ पर जासूसी का आरोप लगाया. वे कहते हैं कि मुझे इसके लिए पैसे मिले हैं. अगर मुझे जासूसी के लिए पैसे मिले होते, तो मेरे पास कार या घर होता. मेरे पास कुछ भी नहीं है.”
इमेज स्रोत, Supplied to Hrana
एमनेस्टी इंटरनेशनल इन तीनों मामलों के आरोपों और जुड़वां बहनों के मामले को “राजनीति से प्रेरित” बताता है.
बीबीसी के सवालों के जवाब में लंदन में ईरान के दूतावास ने कहा, “इन मामलों में टॉर्चर (यातना) के इस्तेमाल के सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया जाता है.”
दूतावास ने अलग-अलग मामलों पर कोई और टिप्पणी नहीं की, लेकिन कहा कि “दबाव में लिए गए कबूलनामे की कोई कानूनी मान्यता नहीं होती है.”
सातो के मुताबिक़, जनवरी के विरोध-प्रदर्शनों के सिलसिले में अब तक कम से कम 39 लोगों को फांसी दी जा चुकी है.
वे पुरुषों और महिलाओं, दोनों की गिरफ़्तारियों और सज़ाओं में “तेज़” बढ़ोतरी देखती हैं और महिलाओं को दी जाने वाली मौत की सज़ाओं में वृद्धि को “दमन के स्थापित तरीक़े” के “बढ़ने और फैलने” के तौर पर देखती हैं.
तुर्की में रहने वाले ईरानी मानवाधिकार वकील मूसा बरज़िन का कहना है, “ऐसा लगता है कि सज़ा की गंभीरता तय करने में अब लिंग या उम्र जैसी बातों की अहमियत कम हो जाती है.”
मामलों के बारे में आधिकारिक जानकारी अक्सर बहुत कम होती है और कुछ मामलों की रिपोर्ट भी नहीं हो पाती.
हालांकि सातो का कहना है कि विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में जिन छह महिलाओं की गिरफ़्तारी की उन्होंने पहचान की थी, उनके अलावा इस साल तीन और महिलाओं को मौत की सज़ा सुनाई गई है.
“ईशनिंदा” और “मार्च में हुए युद्ध के संबंध में धरती पर भ्रष्टाचार के आरोपों” और “जासूसी और मोहारेबेह” के लिए.
इसकी तुलना में, ये नौ सज़ाएँ उस संख्या से ज़्यादा हैं जो एचआरएएनए ने 2025 तक के पूरे दशक में महिलाओं के लिए ऐसे ही अपराधों के मामले में दर्ज की थीं. इसमें किसी भी एक साल में तीन से ज़्यादा सज़ाएँ नहीं थीं.
सातो ने जिन मामलों को विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ा बताया था, उनमें से तीन मामलों में मौत की सज़ा को बाद में रद्द कर दिया गया – हालांकि उनमें से दो मामलों में फिर से सुनवाई का आदेश दिया गया है. उनका कहना है कि उन्हें एक “लगातार दिखने वाले पैटर्न” की चिंता है, जिसमें रद्द की गई मौत की सज़ा को बाद में न्यायपालिका की ही एक दूसरी शाखा द्वारा “तब फिर से लागू कर दिया जाता है, जब लोगों का ध्यान उस मामले से हट जाता है”.
इमेज स्रोत, Supplied by family
सातो का कहना है कि ईरान में महसा अमीनी की मौत को लेकर 2022 में हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान महिलाओं के लिए एक “टर्निंग पॉइंट” (बड़ा मोड़) आया था; अमीनी की मौत हिरासत में तब हुई थी, जब उन्हें ईरान के ड्रेस कोड के कथित उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया था.
सातो कहते हैं, “महिलाएं सरकारी नीतियों और नियंत्रण के ढांचों को चुनौती देने में सबसे आगे थीं. उनकी राजनीतिक सक्रियता, लोगों के बीच उनकी मौजूदगी और उनके नेतृत्व ने उन्हें सरकारी दमन का निशाना बना दिया है.”
ईरानी दूतावास ने कहा कि ईरान में न्यायिक कार्यवाही संविधान और कानून के शासन के अनुसार की जाती है. दूतावास ने आगे कहा: “मौत की सज़ा वाले मामलों में गंभीर आपराधिक अपराध, हिंसा, आतंकवाद, जासूसी, दुश्मन खुफिया एजेंसियों के साथ सहयोग और ‘मोहारेबेह’ जैसे आरोप शामिल रहे हैं.”
संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान में आबादी के अनुपात में किसी भी दूसरे देश की तुलना में ज़्यादा लोगों को मौत की सज़ा दी जाती है. मानवाधिकार समूहों का कहना है कि पिछले साल दशकों में सबसे ज़्यादा लोगों को मौत की सज़ा दी गई.
एचआरएनए ने अक्टूबर 2026 तक के साल में 2,003 लोगों को फांसी दिए जाने की घटनाएँ दर्ज कीं. इनमें से ज़्यादातर मामले , जिनमें 47 महिलाएँ भी शामिल थीं, हत्या और ड्रग्स की तस्करी जैसे अपराधों से जुड़े थे.
नूरमोहम्मदी का कहना है कि परिवार जुड़वां बच्चों की मदद करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है.
वे कहते हैं कि रोमिना को संगीत पसंद है और वह अक्सर रिश्तेदारों से फ़ोन पर गाने बजाने के लिए कहती है.
वे कहते हैं कि तारानेह को घोड़े बहुत पसंद हैं और वह हमेशा से घोड़ों का ब्रीडिंग सेंटर शुरू करना चाहती थी; वे उसे बताते हैं कि भविष्य में वे ऐसा करने में उसकी मदद करने की योजना बना रहे हैं.
“इस तरह हम उसे उम्मीद देने की कोशिश करते हैं.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.