• Fri. Aug 14th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

उत्तराखंड: निर्माणाधीन सुरंग में बचाव अभियान जारी, अब तक 4 शव बरामद

Byadmin

Aug 14, 2026


टीएचडीसी टनल

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, टीएचडीसी प्रोजेक्ट हेड अजय वर्मा के मुताबिक हादसा सुरंग के पोर्टल से करीब दो किलोमीटर अंदर हुआ

उत्तराखंड के चमोली ज़िले में पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा भरने के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.

एनडीआरएफ़ के मुताबिक अभी तक चार शव बाहर निकाले गए हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और 11 लोग घायल हैं.

पीपलकोटी में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (टीएचडीसी) की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार शाम मलबा और पानी घुस गया था.

एनडीआरएफ़ के टीम कमांडर अमृत लाल मीणा ने बताया, “टीम के मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू करने के वक्त सुरंग में काफी ज़्यादा पानी भरा हुआ था और किनारों से भी लगातार पानी रिस रहा था. इसके बाद पानी का स्तर और बढ़ गया.”

उन्होंने बताया, एनडीआरएफ़ के जवानों ने विशेष उपकरणों की मदद से अब तक पानी से चार शव बाहर निकाल लिए हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और जब तक सुरंग में फंसे सभी लोगों को बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक अभियान चलता रहेगा.”

टीएचडीसी प्रोजेक्ट हेड अजय वर्मा ने बताया, “हादसा सुरंग के पोर्टल से करीब दो किलोमीटर अंदर हुआ. उस वक्त सुरंग के अंदर करीब 20 से 22 लोग काम कर रहे थे. अचानक पानी का स्रोत फट गया और तेज़ रफ्तार से पानी सुरंग में घुस आया. कुछ लोग किसी तरह पानी के बहाव के साथ बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए, जबकि कुछ लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं. उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.”

By admin