पीटीआई, कलबुर्गी। उत्तर प्रदेश के रहनेवाले एक 23 वर्षीय युवक को इंटरनेट मीडिया पर देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित की पहचान उप्र के सीतापुर जिले के गांव सदरपुर निवासी मोहम्मद समीर के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपित आठ साल पहले यहां आया था और मजदूरी करता था।
पुलिस ने बताया कि इंटरनेट मीडिया की तकनीकी निगरानी, जानकारी साझा करने और इन्फार्मेशन-पोर्टल सिस्टम के जरिए मिली जानकारी के आधार पर बुधवार शाम को छापेमारी के बाद उसे हिरासत में लिया गया।
कलबुर्गी के पुलिस कमिश्नर शरणप्पा एसडी ने बताया कि वह व्यक्ति कथित तौर पर देश-विरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल कई इंस्टाग्राम एकाउंट फॉलो कर रहा था।
उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपित के मोबाइल फोन की विस्तृत फोरेंसिक जांच की जा रही है।
ये हालिया गिरफ्तारियां कर्नाटक में पाकिस्तानी नागरिकों से जुड़े एक अन्य मामले की पृष्ठभूमि में हुई हैं। 11 जुलाई को खबरें आईं कि चिक्कबल्लापुर जिले में एक पाकिस्तानी महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जाता है कि दोनों दासगारेपल्ली गांव में रह रहे थे, जहां महिला ने एक स्थानीय निवासी से शादी की थी। उनके पास से कई भारतीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं जिनकी जांच अधिकारी कर रहे हैं। दोनों की पहचान पाकिस्तानी नागरिकों के रूप में हुई है।