डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक के दावणघेरे में आज शुक्रवार को KSRTC की एक बस पलट गई, जिसमें कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र की मौत हो गई है। इस हादसे में 43 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ है। मृतक होन्नाली तालुक के कुंद्रू गांव के रहने वाला दर्शन (23) नाम का छात्र है। ये बी.कॉम की पढ़ाई कर रहा था।
बस पलटने से छात्र की मौत
पुलिस के मुताबिक, जब यह हादसा हुआ, तब बस दावणगेरे से होन्नाली की ओर जा रही थी और जिले के चन्नागिरी तालुक में माराबनहल्ली के पास यह दुर्घटना हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि माना जा रहा है कि यह हादसा बस का पिछला एक्सल (धुरा) टूट जाने के कारण हुआ, जिससे ड्राइवर का बस से नियंत्रण हट गया और बस पलट गई।
पुलिस ने बताया कि जब यह हादसा हुआ, तब दर्शन कॉलेज जाने के लिए इसी बस से यात्रा कर रहा था। वहीं बीच रास्ते में हुए हादसे में छात्र की मौत हो गई।
KSRTC बसों की कमी
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोग जमा हो गए और इस रूट पर KSRTC (कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) बसों की कमी को लेकर गुस्सा जाहिर किया। अधिकारी ने बताया कि बाद में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक शेखर एच. टेक्कन्नवर ने पीटीआई के बात करते हुए बताया, ‘इस हादसे में एक कॉलेज छात्र की चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हो गए। इनमें से ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनमें बस का ड्राइवर भी शामिल है।’
शेखर एच. टेक्कन्नवर ने आगे बताया, ‘गंभीर रूप से घायल छह लोगों को मणिपाल अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से मौत का कारण बनने का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।’
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु: बीच सड़क पत्नी का गला रेतने की कोशिश, लोगों ने आरोपी पति को पकड़कर पीटा
यह भी पढ़ें- खुले में पेशाब करना होगा बंद… मैसूरु में दीवारों पर लगे शीशे, ‘मिरर आइडिया’ सोशल मीडिया पर वायरल