• Fri. Sep 11th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

कान्हा टाइगर रिजर्व:ड्यूटी पर तैनात 16 हाथियों को सात दिन की ‘छुट्टी’, मालिश-खेल के साथ मिलेगा खास आहार – Kanha Tiger Reserve Elephants Seven Day Rejuvenation Camp

Byadmin

Sep 11, 2026


विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में सालभर ड्यूटी करने वाले विभागीय हाथियों को अब सात दिन आराम और सुकून का मौका मिलेगा। सुपखार परिक्षेत्र में 15 से 20 सितंबर तक पुनर्जीवन (रिजुविनेशन) कैंप आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हाथियों को नियमित ड्यूटी से अलग रखकर उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कान्हा टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं। इनमें 9 नर, 6 मादा और एक नवजात हाथी शामिल है। ये हाथी वन्यजीव संरक्षण, गश्त, अनुश्रवण, ट्रांसलोकेशन और मानसून के दौरान विशेष गश्त जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में वन विभाग का सहयोग करते हैं।

देखें वीडियो

नहाने के बाद होगी शरीर और पैरों की मालिश

कैंप के दौरान हाथियों की दिनचर्या पूरी तरह अलग रहेगी। सुबह उन्हें जंगल से कैंप में लाया जाएगा। यहां नहलाने के बाद उनके शरीर और पैरों की मालिश की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य परीक्षण और देखभाल की गतिविधियां होंगी। दोपहर में महावत और चाराकटरों के साथ परिचय एवं खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। शाम को भोजन कराने के बाद हाथियों को वापस जंगल में छोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें- जबलपुर: हिजाब और धार्मिक प्रथाओं के आरोपों पर हाईकोर्ट का फैसला, एफआईआर रद्द करने से किया इनकार, याचिका खारिज

खास आहार के साथ होगी स्वास्थ्य की जांच

कैंप में हाथियों को बेहतर और विशेष आहार दिया जाएगा। वन्यजीव चिकित्सक नियमित रूप से उनकी सेहत की जांच करेंगे। रक्त, फीकल और मूत्र के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाएगा। प्रत्येक हाथी का शारीरिक माप भी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा सके।

मानसिक रूप से भी तरोताजा होंगे हाथी

कैंप का उद्देश्य केवल हाथियों को शारीरिक आराम देना नहीं है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी तरोताजा करना है। सभी हाथियों को एक साथ रहने, खाने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे उनके आपसी सामाजिक व्यवहार के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार होगा।

महावत और चाराकटरों को भी मिलेगा प्रशिक्षण

कैंप के दौरान हाथियों की देखभाल करने वाले महावत और चाराकटर भी प्रशिक्षण लेंगे। वरिष्ठ महावत उन्हें हाथियों के रखरखाव, उनके व्यवहार को समझने और देखभाल से जुड़े जरूरी निर्देशों के संबंध में प्रशिक्षण देंगे।

16 साल से चली आ रही परंपरा

कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन हाथियों के संरक्षण और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार 16 वर्षों से पुनर्जीवन कैंप आयोजित कर रहा है। जंगल की कठिन ड्यूटी के बीच सात दिनों का यह कैंप हाथियों के लिए आराम, बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और अपने साथियों के साथ समय बिताने का खास अवसर होगा।

 

By admin