जेएनएन, इंदौर। ऑस्ट्रेलियन महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ के मामले में पिछले वर्ष चर्चा में आया बदमाश अकील उर्फ नाइट्रा अब 12 साल पुराने हत्याकांड में पुलिस के शिकंजे में आ गया। खजराना पुलिस ने उसे कृष्णा पटेल हत्याकांड में गिरफ्तार किया है।
अकील पर लूट, हत्या और छेड़छाड़ के 14 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने अपने साथी मोहम्मद आरिफ के साथ मिलकर हत्या करना कुबूल किया है। वर्ष 2015 में यह वारदात लाकेट, चेन और बाइक लूटने के लिए की गई थी।
डीसीपी जोन-2 अमनसिंह राठौड़ के अनुसार, 17 अप्रैल 2015 को खजराना थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय कृष्णा पटेल का शव मिला था। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की, लेकिन आरोपित नहीं मिले।
मंगलवार रात पुलिस ने दौलतबाग खजराना निवासी अकील और मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार किया। दोनों ने साथी परवेज के साथ मिलकर कृष्णा की हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपितों ने कृष्णा को सुनसान जगह ले जाकर चाकू से हमला किया और शव को जलाकर फरार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया।
महिला खिलाड़ियों से की थी छेड़छाड़
बता दें, अकील को पिछले वर्ष आइसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में गिरफ्तार किया गया था। 23 अक्टूबर 2025 को सुबह होटल से खजराना रोड स्थित कैफे की ओर पैदल जा रहीं दो महिला खिलाड़ियों से उसने छेड़छाड़ की थी।