कैब बुक करते समय अगर एप आपसे सफर शुरू होने से पहले ही ड्राइवर को टिप देने के लिए कहता है, तो अब ऐसा नहीं चलेगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने वाहन एग्रीगेटर्स को एप में दिखने वाले ऐसे प्री-राइड टिप विकल्प हटाने का निर्देश दिया है।
मंत्रालय ने साफ किया है कि ड्राइवर को दी जाने वाली टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होनी चाहिए और यात्री इसे सफर पूरा होने के बाद ही दे सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने 11 अगस्त को जारी निर्देश में कुछ कैब एग्रीगेटर एप पर दिखने वाले ‘Advance Tip’, ‘Choose an Add-on’ (‘एडवांस टिप’, ‘ऐड-ऑन चुनें’) और “A driver may be more likely to accept this trip if you add a tip” (अगर आप टिप जोड़ते हैं, तो ड्राइवर के इस ट्रिप को स्वीकार करने की संभावना ज्यादा हो सकती है) जैसे संदेशों का जिक्र किया है।
सरकार के मुताबिक, इस तरह के विकल्प मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशानिर्देश, 2025 के प्रावधानों के मुताबिक नहीं हैं।