• Sun. Apr 26th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

केजरीवाल के चुनावी रणनीतिकार संदीप पाठक के बीजेपी में जाने पर क्यों हैरान हैं विश्लेषक

Byadmin

Apr 26, 2026


संदीप पाठक

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के चुनावी रणनीतिकार माने जाने वाले संदीप पाठक ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान बीजेपी में शामिल होने की जानकारी दी

शुक्रवार को जब राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का एलान किया तो पार्टी नेतृत्व को ज़्यादा अचंभा नहीं हुआ. इसके कयास पिछले कुछ दिनों से लगाए ही जा रहे थे.

लेकिन पार्टी को बड़ा झटका दिया संदीप पाठक ने. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक़, बीजेपी में जाने की तो छोड़ ही दीजिए शायद ही किसी ने कल्पना की होगी संदीप पाठक आम आदमी पार्टी छोड़ देंगे.

कहा जाता है कि संदीप पाठक आम आदमी पार्टी के दूसरे नेताओं की तुलना में भले ही सार्वजनिक मंचों पर कम दिखते रहे हों लेकिन साल 2016 में पार्टी में शामिल होने के बाद से ही कोर लीडरशिप में उनका असर बढ़ता ही गया.

संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी की चुनावी रणनीति का चाणक्य कहा जाता रहा है. आम आदमी पार्टी पर क़रीबी नज़र रखने वालों का दावा है कि पार्टी को 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव जिताने का श्रेय भी संदीप पाठक को जाता है.

संदीप पाठक की चुनावी रणनीति बनाने की काबिलियत की वजह से ही उन्हें 2022 में पार्टी की राजनीतिक मामलों की कमेटी का जनरल सेक्रेट्री बना दिया गया था.

By admin