• Wed. Sep 2nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

केरलम: कार की सीट के नीचे गुप्त केबिन में छिपाकर ले जा रहे 1.44 करोड़ रुपये, 3 गिरफ्तार

Byadmin

Sep 2, 2026


डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम-कर्नाटक बॉर्डर के पास गाड़ियों की रूटीन चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से भारी मात्रा में कैश जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ड्राइवर की सीट के नीचे बने एक गुप्त खाने में छिपाकर रखा गया 1.44 करोड़ रुपये का कैश बरामद किया है।

थिरुनेल्ली पुलिस और जिला एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल एक्शन फोर्स (DANSAF) की टीम ने कर्नाटक की तरफ से आ रही एक गाड़ी को रोका और उसमें से कैश जब्त किया। यह कार्रवाई थोल्पेट्टी में हुई।

गाड़ी से मिला 1.44 करोड़ रुपये कैश

पुलिस केरलम-कर्नाटक बॉर्डर पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। वहीं से गुजर रही एक गाड़ी की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस को ड्राइवर की सीट के नीचे खास तौर पर बनाए गए एक खाने में छिपाकर रखे गए कैश के बंडल मिले।

पुलिस ने बताया कि कुल बरामद रकम 1,44,50,000 रुपये थी। गाड़ी में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने उनकी पहचान कोझिकोड के वडकारा में नडाक्कावु स्ट्रीट के रहने वाले 20 साल के प्रभु राज, कन्नूर के पानूर के रहने वाले 23 साल के स्वप्निल और महाराष्ट्र के रहने वाले 26 साल के राहुल के तौर पर की है।

इस मामले में अब पुलिस ये जांच कर रही है कि इस कैश को कहां ले जाया जा रहा था, इसे किसे सौंपा जाना था और इतनी भारी मात्रा में कैश कहां से आया।

इस जब्ती ने पुलिस का ध्यान खास तौर पर मॉडिफाई की गई गाड़ियों के इस्तेमाल की ओर खींचा है। साथ ही थोल्पेट्टी पर चेकिंग बढ़ा दी गई है, जो कर्नाटक से केरलम में प्रवेश करने का एक मुख्य सड़क मार्ग है।

By admin