भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत के लिए शुरुआती दिन मिलाजुला रहा। पहले और तीसरे सत्र में जहां न्यूजीलैंड ने भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया, वहीं दूसरे सत्र में भारत का दबदबा देखने को मिला। दिन के खेल की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में पांच विकेट पर 246 रन बनाए हैं। स्टंप्स के समय टॉम ब्लंडेल 53 और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 62 रन की अविजित साझेदारी हो चुकी है।