इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी.
इस बीच चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर संसद में ला सकती है, जो अप्रैल में आगे नहीं बढ़ पाया था.
प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं और शीतकालीन सत्र न बुलाए जाने की आशंका ज़ाहिर की है.
रिजिजू ने बीते गुरुवार को एक्स पर कहा कि ये बैठकें ज़रूरी सरकारी कामकाज के लिए बुलाई जा रही हैं. उन्होंने किसी विधेयक का नाम नहीं लिया.
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने एक्स पर पूछा कि सरकार नियमित शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही.
उनका कहना है कि विशेष सत्र को नियमित सत्र की जगह नहीं लेनी चाहिए. सरकार अगर अप्रैल में पास नहीं हुए विधेयक को फिर लाना चाहती है, तो वह नियमित सत्र में भी ऐसा कर सकती है.
द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि लोकसभा की बैठकें 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठकें 2 और 3 दिसंबर को हो सकती हैं. हालांकि, सरकार ने सिर्फ दोनों सदनों की पहली बैठक के लिए तारीख़ें सुझाई हैं.
इससे पहले, 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें जब स्थगित हुई थीं तो अगली बैठक की तारीख़ तय नहीं थी.
लेकिन मानसून सत्र को औपचारिक तौर पर ख़त्म नहीं किया गया था. यानी उस दिन बैठकें रुकी थीं, सत्र समाप्त नहीं हुआ था.
हालांकि, सरकार का ताज़ा बयान किसी भी नियमित शीतकालीन सत्र का एलान नहीं है.
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल की चर्चा क्यों लौटी?
इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images
संसद ने 2023 में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का क़ानून पास किया था.
लेकिन आरक्षण तुरंत लागू नहीं होना था. क़ानून के मुताबिक़, इसके प्रभावी होने के बाद होने वाली पहली जनगणना के संबंधित आंकड़े प्रकाशित होने हैं. उन आंकड़ों के आधार पर परिसीमन के बाद आरक्षण लागू होगा.
परिसीमन में चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जाती हैं. अप्रैल 2026 में सरकार ने नई जनगणना का इंतज़ार किए बिना परिसीमन कराने और महिला आरक्षण जल्दी लागू करने का प्रस्ताव रखा था.
साथ ही लोकसभा की कुल सीटें बढ़ाने की बात भी थी. इसलिए बहस सिर्फ़ इस पर नहीं थी कि आरक्षण कब लागू होगा. सवाल यह भी था कि नई व्यवस्था में किस राज्य को लोकसभा की कितनी सीटें मिलेंगी.
17 अप्रैल को लोकसभा में 528 सांसदों ने वोट दिया. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, 298 सांसदों ने संविधान संशोधन के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया.
उस मतदान में दो-तिहाई समर्थन के लिए 352 वोट चाहिए थे. जो विधेयक पास नहीं हुआ, वह 2026 का संविधान संशोधन था, 2023 का महिला आरक्षण क़ानून नहीं.
इसके बाद सरकार ने परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े दो अन्य विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया.
शशि थरूर ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संसद के शीतकालीन सत्र में देरी को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है.
उन्होंने कहा कि सरकार संसद को बहस और जवाबदेही का मंच बनाने के बजाय केवल विधेयकों पर मुहर लगाने वाली संस्था बनाना चाहती है.
थरूर ने कहा, “1950 के दशक में संसद की बैठकें साल में 120 से 170 दिन तक होती थीं, जबकि अब यह घटकर करीब 70 दिन रह गई हैं.”
उन्होंने संसदीय लोकतंत्र के प्रति सरकार के रवैये को ‘अजीब’ बताते हुए लिखा, “हमने देखा है कि गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी का रिकॉर्ड विधानसभा सत्रों की अवधि कम करने का रहा है. मेरी जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के आखिरी कुछ वर्षों में गुजरात विधानसभा की साल भर में केवल 50 से 55 दिन ही बैठकें होती थीं. हम निश्चित रूप से नहीं चाहते कि संसद में भी ऐसा हो.”
थरूर ने संसद का कैलेंडर 9 से 12 महीने पहले जारी करने की मांग की. उन्होंने परिसीमन विधेयक पर भी गंभीर चर्चा की ज़रूरत बताई.
पी चिदंबरम ने पूछा- फिर से विधेयक क्यों
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने एक्स पर लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह या तो भूलने की बीमारी से पीड़ित हैं या फिर सच को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं.”
“उनका दावा है कि कांग्रेस लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने के वादे को लागू होने से नहीं रोक सकती.”
“संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 पहले ही पारित हो चुका है. इस विधेयक को संसद के दोनों सदनों ने 20 और 21 सितंबर, 2023 को पारित किया था.”
“कांग्रेस ने इस विधेयक के पारित होने का पूरा समर्थन किया था और लगातार इस अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग कर रही है. बीजेपी सरकार इस अधिनियम को लागू क्यों नहीं कर रही है?”
चिदंबरम ने पूछा कि नए विधेयक की क्या ज़रूरत है?
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भी एएनआई से कहा कि सरकार अगर महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा करना चाहती है तो वह नियमित शीतकालीन सत्र में ऐसा कर सकती है.
फ़िलहाल सरकार ने बताया है कि वह दोनों सदनों को कब बुलाना चाहती है. अप्रैल में रुके प्रस्ताव इस विशेष सत्र में फिर पेश होंगे या नहीं, यह संसद के कामकाज की सूची आने पर साफ़ होगा.
पश्चिं बंगाल में बीजेपी नेता रोहन गुप्ता ने कहा, “यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण होगा. आपने देखा होगा कि विपक्ष हर बार अपनी राजनीति के लिए एक के बाद एक संसद सत्र को बाधित करता रहा है. इस बार मैं विपक्ष को सलाह देना चाहूंगा कि संसद का सत्र सुचारू रूप से चलने दिया जाए, ताकि ऐतिहासिक तरीके से सभी विधेयक पारित हो सकें.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.