• Fri. Nov 27th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

भगोड़े जाकिर नाइक पर केंद्र का शिकंजा, IRF के फंड और संपत्तियों पर एक्शन के लिए मिले राज्यों को अधिकार

Byadmin

Nov 27, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने भगोड़े जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए राज्यों को विशेष अधिकार दिए हैं। अब राज्य सरकारें इस प्रतिबंधित संगठन के फंड और संपत्तियों पर सीधे कार्रवाई कर सकेंगे।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को एक गजट जारी कर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) की धारा 42 के तहत यह निर्देश जारी किया है।

इससे पहले 13 नवंबर को मंत्रालय ने यूएपीए की धारा 3(1) और 3(3) के तहत अधिसूचना संख्या S.O. 6182(E) जारी कर आईआरएफ को गैरकानूनी संगठन घोषित रखते हुए इस पर लगे प्रतिबंध को बढ़ा दिया था।

संपत्तियों पर कसेगा शिकंजा

अधिसूचना के अनुसार, केंद्र सरकार ने यूएपीए की धारा 7 और धारा 8 के तहत अपने अधिकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सौंपे हैं।

धारा 7 के तहत सरकार को यह अधिकार मिलता है कि वह गैरकानूनी संगठन के कामों में इस्तेमाल होने वाले या इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले फंड, प्रतिभूतियों और अन्य वित्तीय संपत्तियों के उपयोग या ट्रांसफर पर रोक लगा सके, साथ ही अधिकृत अधिकारी ऐसे वित्तीय लेनदेन की जांच भी कर सकते हैं।

वहीं, धारा 8 सरकार को उन घरों, इमारतों और परिसरों को अधिसूचित करने का अधिकार देती है, जिनका उपयोग किसी गैरकानूनी संगठन की गतिविधियों के लिए होने का संदेह हो।

अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासन इन परिसरों में आने-जाने को नियंत्रित कर सकता है और वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर रोक लगा सकता है।

पांच साल के लिए बढ़ाया गया है प्रतिबंध

केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को यूएपीए के तहत जाकिर नाइक के संगठन पर लगा प्रतिबंध पांच साल के लिए और बढ़ा दिया था, क्योंकि पुराना प्रतिबंध 14 नवंबर को समाप्त होने वाला था।

महाराष्ट्र का रहने वाला नाइक 2016 में उस समय विदेश यात्रा पर था, जब सरकार ने उसके संगठन पर पहली बार प्रतिबंध लगाया था, और तब से वह मलेशिया में रह रहा है। साल 2017 में एनआईए के अनुरोध पर उसका पासपोर्ट भी रद कर दिया गया था।

जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण की कोशिश

भारत सरकार 17 नवंबर, 2016 से ही जाकिर नाइक के खिलाफ कानूनी और कूटनीतिक कदम उठा रही है, जब धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी और नफरत फैलाने के आरोपों के चलते आईआरएफ को गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया था।

भारत ने मई 2017 में नाइक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) जारी करने के लिए इंटरपोल से संपर्क किया था और अगस्त व अक्टूबर में इससे जुड़े स्पष्टीकरण भी दिए थे, लेकिन दिसंबर 2017 में इंटरपोल आयोग ने यह कहते हुए अनुरोध को समय से पहले का बताया कि शुरुआती आवेदन के समय चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी।

By admin