• Tue. Sep 8th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘गर्लफ्रेंड शायद 0 ब्याज दे, लेकिन हमारी एफडी 14.40 देती है’; चेन्नई मेट्रो के एड पर मचा बवाल

Byadmin

Sep 8, 2026


डिजिटल डेस्क, चेन्नई। चेन्नई मेट्रो ट्रेन के एक कोच में लगे विज्ञापन पोस्टर को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। डीएमके सांसद ने इस विज्ञापन के संदेश पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इसमें महिलाओं का अपमान किया गया है और उन्हें वस्तु के तौर पर दिखाया गया है।

डीएमके सांसद तमिलची थंगापांडियन ने एक्स पर एक पोस्ट में चेन्नई मेट्रो कोच के अंदर लगे एक विज्ञापन की तस्वीर शेयर की और ऐसे विज्ञापन की इजाजत देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से विज्ञापन को तुरंत हटाने के लिए भी कहा।

किसका है ये विज्ञापन?

यह विज्ञापन ‘THECOS’ नाम की एक को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी का है। इसमें दावा किया गया था कि लोग उनके साथ फिक्स्ड डिपॉजिट पर बेहतर ब्याज दरें पा सकते हैं, लेकिन गर्लफ्रेंड 0 प्रतिशत ब्याज दे सकती है।

थांगापांडियन ने कहा, “चेन्नई मेट्रो रेल के अंदर लगा एक विज्ञापन महिलाओं का अपमान करता है और उन्हें एक वस्तु के तौर पर दिखाता है, जो चौंकाने वाली बात है। यह पक्का करना जरूरी है कि सार्वजनिक जगहों पर लगने वाले विज्ञापनों में महिलाओं की गरिमा का ध्यान रखा जाए।”

उन्होंने कहा, “यह सवाल उठता है कि चेन्नई मेट्रो रेल प्रशासन ने इस तरह के विज्ञापन की इजाजत कैसे दी। मेरी मांग है कि इस विज्ञापन को तुरंत हटाया जाए और भविष्य में ऐसे विज्ञापन न दिखें, इसके लिए उचित कार्रवाई की जाए।”

कानूनी कार्रवाई की मांग

डीएमके नेता ने कहा कि हर दिन लाखों लोग चेन्नई मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं और इस तरह के विज्ञापन का जनता पर असर पड़ेगा। एआईएडीएमके के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने भी विज्ञापन बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा, “इस कंटेंट को देखकर मेरे पास शब्द नहीं हैं। यह साफ तौर पर किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है, जो कानून के तहत दंडनीय अपराध है। सिर्फ इसलिए कि किसी विज्ञापन में आपको अभिव्यक्ति की आजादी मिलती है, इसका मतलब यह नहीं है कि आप जेंडर के आधार पर किसी को नीचा दिखाने की हद तक जा सकते हैं।”

जिस संस्था ने यह विज्ञापन दिया है, उसे तिरुवल्लुवर ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड (TTCECS) के नाम से भी जाना जाता है। यह खुद को एक भरोसेमंद वित्तीय संस्थान बताती है जो पूरे तमिलनाडु में ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों की आर्थिक जरूरतों को पूरा करता है।

By admin