• Sun. Nov 15th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

छठ Live:अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य, राष्ट्रपति-पीएम समेत नेताओं ने देशवासियों को दी बधाई – Chhath Festival President Pm Various Other Leaders Extend Greetings To Nation Arghya Offered Setting Sun Today

Byadmin

Nov 15, 2026


06:25 PM, 15-Nov-2026

खड़गपुर में छठ पूजा के लिए किए गए विशेष इंतजाम

पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। राज्य मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि पुलिस प्रशासन और पूजा आयोजकों ने मिलकर श्रद्धालुओं के लिए बेहद सुखद और सुविधाजनक माहौल तैयार किया है। छठ पूजा के लिए तालाब के आसपास बांस से घेराबंदी की गई है और आकर्षक रोशनी से सजावट की गई है। पूजा में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष खड़गपुर में दशहरा भी बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया है। शहर में सभी पूजा आयोजनों की व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की जा रही हैं, ताकि लोग बिना किसी डर या आशंका के त्योहार मना सकें।

06:25 PM, 15-Nov-2026

जयपुर में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दिया संध्या अर्घ्य

जयपुर में छठ महापर्व के तीसरे दिन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह हमेशा छठ पूजा के आयोजनों में शामिल होने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर में बिहार और बंगाल के बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। यहां आकर उन्हें ऐसा महसूस होता है, मानो वह बिहार में हों और राजस्थान में होने का एहसास तक नहीं होता। दीया कुमारी ने छठ पूजा के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

06:23 PM, 15-Nov-2026

पटना में छठ पूजा पर भव्य लेजर शो का आयोजन

बिहार में छठ पूजा के अवसर पर बिहार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जेपी गंगा पथ गोलंबर पर भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन किया गया। इस दौरान आतिशबाजी और आकर्षक रोशनी से जेपी गंगा पथ से लेकर जेपी सेतु तक का इलाका जगमगा उठा। इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए दीघा से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह बचपन से छठ पूजा के आयोजन देखते आ रहे हैं, लेकिन इस तरह की भव्य व्यवस्था पहले कभी नहीं देखी। लेजर शो, आतिशबाजी और शानदार लाइटिंग ने बेहतर प्रबंधन के साथ आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। उन्होंने कामना की कि छठी मईया का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।

05:43 PM, 15-Nov-2026

छठ महापर्व पर अमित शाह ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

पुणे में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने छठ महापर्व के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ का पावन महापर्व चल रहा है। इस शुभ अवसर पर वह पूरे देश के लोगों, विशेष रूप से माताओं और बहनों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।

 

05:28 PM, 15-Nov-2026

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी छठ पूजा समारोह में हुए शामिल

कोलकाता में छठ महापर्व के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पूजा समारोह में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा के आयोजन में भाग लिया और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियों में सहभागिता की। छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए जुटे।

 

 

05:25 PM, 15-Nov-2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी संध्या अर्घ्य की शुभकामनाएं, पटना में पहली बार होगा 3D लेजर शो

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे अनुष्ठान संध्या अर्घ्य के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने छठी मैया और अस्ताचलगामी सूर्य से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गहरी आस्था और भक्ति का प्रतीक छठ पर्व अब स्थानीय परंपरा से निकलकर वैश्विक उत्सव बन चुका है और यूरोप, अमेरिका तथा एशिया के विभिन्न देशों में भी इसकी धूम देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिहार को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और रोशनी से जगमग बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सरकार का लक्ष्य इस परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाना है। वहीं, पहली बार पटना के मरीन ड्राइव और दीघा घाट पर छठ पूजा के अवसर पर 3D लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी और सोमवार को उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होगा।

 

05:24 PM, 15-Nov-2026

बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, घाटों पर SDRF-NDRF की तैनाती

बिहार में छठ महापर्व के तीसरे और चौथे दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। व्रती महिलाओं द्वारा घुटने तक पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए राज्य के सभी प्रमुख जलाशयों और घाटों पर गोताखोरों के साथ आपदा प्रबंधन बल के जवानों को तैनात किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, राज्य के 254 घाटों पर SDRF और 123 घाटों पर NDRF की टीमें तैनात की गई हैं, जबकि 12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। इसका उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत अभियान चलाना है। पटना के सभी स्थायी घाटों को रिवरफ्रंट से जोड़ा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

05:21 PM, 15-Nov-2026

नित्यानंद राय ने छठ महापर्व पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

बिहार के हाजीपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की पूजा-अर्चना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आस्था, विश्वास, पवित्रता और प्रेम से परिपूर्ण चार दिवसीय इस पावन पर्व पर वह बिहार सहित देश के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने छठी मैया और भगवान भास्कर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने की प्रार्थना की, जो स्वामी विवेकानंद की उस भविष्यवाणी को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं कि 21वीं सदी भारत की होगी। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य से सभी देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने की कामना की।

 

 

05:21 PM, 15-Nov-2026

छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

झारखंड की राजधानी रांची के हटानिया तालाब में छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संध्या अर्घ्य की रस्म निभाई। इस दौरान व्रतियों ने पवित्र जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। घाट पर छठ गीतों और भक्ति के माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए।

 

05:19 PM, 15-Nov-2026

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार घाट पर डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

दिल्ली में छठ पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार घाट पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया की आराधना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सोनिया विहार घाट पर छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

 

 

By admin