• Mon. Nov 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

छत्तीसगढ़:सोशल मीडिया से सीखा जल्दी अमीर बनने का तरीका, चार साल के बच्चे की हत्या कर अंग निकालने का आरोप – Chhattisgarh Man Allegedly Kills Four-year-old Cousins Son Removes Organs To Sell After Social Media Influence

Byadmin

Nov 9, 2026


छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चार साल के बच्चे की हत्या का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 27 वर्षीय युवक ने सोशल मीडिया से प्रभावित होकर बच्चे की हत्या की और उसके शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं। आरोपी कथित तौर पर इन अंगों को ऑनलाइन बेचकर जल्दी पैसा कमाना चाहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे का शव एक खेत में पानी से भरे गड्ढे में बोरे के अंदर मिला था। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान बसुदेव उर्फ टंगनू के रूप में हुई है। वह बच्चे के पिता रामजीत राम का रिश्ते में ममेरा भाई है। रामजीत ने शनिवार को सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका चार साल का बेटा जितेंद्र 5 नवंबर से लापता है। रामजीत करीब एक साल पहले काम के सिलसिले में परिवार के साथ सन्ना गांव आए थे। वे आमाचुआ नदी बांध के पास एक झोपड़ी में रहते थे। आरोपी का उनके घर आना-जाना था। शनिवार को परिवार के साथ बच्चे की तलाश करते हुए पिता को मक्के के खेत के पास पानी भरे गड्ढे में उसका शव मिला। शव को कंबल और रजाई में लपेटकर बोरे में रखा गया था और मिट्टी से ढका गया था।

आरोपी ने बच्चे की हत्या क्यों की?

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के मुताबिक, जांच के बाद पुलिस ने पास के चलनी गोर्रापाठ गांव के रहने वाले 27 वर्षीय बसुदेव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, वह दिहाड़ी मजदूरी करता था, लेकिन अपनी कमाई से संतुष्ट नहीं था। वह अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसी वजह से वह सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के तरीके खोजता रहता था। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के अंग निकालकर उन्हें ऑनलाइन बेचने का विचार आया।

बच्चे को अपने साथ ले जाकर आरोपी ने क्या किया?

पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को आरोपी बच्चे को बहलाकर अपने साथ अलग-अलग जगहों पर ले गया। इस दौरान उसने शराब और चिकन खरीदा और कथित तौर पर बच्चे को भी शराब पिलाई। बच्चा नशे की हालत में सो गया तो आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। बाद में शव को कंबल और रजाई में लपेटा, बोरे में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। उसने शव को मिट्टी से भी ढक दिया था।

पुलिस ने मौके से क्या-क्या बरामद किया?


  • आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए।

  • एक गड्ढे से प्लास्टिक की बाल्टी मिली, जिसमें कथित तौर पर निकाले गए अंग रखे गए थे।

  • पुलिस ने वारदात से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद की है।

  • आरोपी बसुदेव को रविवार को गिरफ्तार किया गया। मामले की आगे जांच जारी है।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अंगों को ऑनलाइन बेचने की योजना कैसे बनाई थी और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। फिलहाल पुलिस की ओर से किसी खरीदार या ऑनलाइन नेटवर्क की पुष्टि नहीं की गई है।

By admin