डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर समाजसेवी अन्ना हजारे ने दुख जताया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अन्ना ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखी है। जिसमें उन्होंने दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर दुख जताया है और सरकार से सकारात्मक बातचीत की अपील की है।
हिंसा और पुलिस कार्रवाई की खबरें अत्यंत पीड़ादायक: अन्ना
पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी में अन्ना ने लिखा, ‘दिल्ली में चल रहे आंदोलन की पृष्ठभूमि में कल हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई की खबरें अत्यंत पीड़ादायक हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की घटनाएं किसी के भी हित में नहीं हैं। मेरा मत है कि किसी भी परिस्थिति में हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति की क्षति और अनावश्यक बल प्रयोग से बचा जाना चाहिए।’
युवाओं की चिंता बेहद गंभीर: अन्ना
अन्ना ने आगे लिखा, ‘आज देश के लाखों युवा प्रश्नपत्र लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में विलंब, बेरोजगारी और अन्य अनेक समस्याओं के कारण गहरी चिंता और असंतोष का अनुभव कर रहे हैं। इस असंतोष को केवल कानून-व्यवस्था की समस्या के रूप में न देखकर, समाज की पीड़ा और अपेक्षाओं के रूप में समझना आवश्यक है।’
क्या है मामला?
बता दें नीट पेपर लीक मुद्दे पर धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर तगड़ा विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। जिसे लेकर कल यानी मंगलवार को पुलिस ने हिंसक कार्रवाई की थी।