जागरण संवाददाता, अजमेर। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने पुलिस कांस्टेबल मुकेश सारण को तुरंत प्रभाव से सेवा से निलंबित करते हुए उसके खिलाफ महिला कांस्टेबल के साथ बलात्कार का मामला दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए है। जांच डीएसपी अजमेर नार्थ शिवम जोशी को सौंपी गई है।
डीएसपी ने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि महिला कांस्टेबल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत दी है।
जिसमें आरोपी द्वारा उसे नशीला पेय पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसे प्रेमजाल में फांस कर उसके साथ रुपयों को निवेश कराने व हड़पने का आरोप लगाया है।
महिला कांस्टेबल ने इस काम में आरोपी की बहन और जीजा पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। महिला कांस्टेबल का यह भी आरोप है कि उसके गर्भ ठहरने पर आरोपी ने उसका गर्भपात भी कराया है।
डीएसपी ने कहा कि फिलहाल मामला जांच के स्तर पर है। वह सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। महिला कांस्टेबल का डॉक्टरी मुआयना कराया गया है।
आरोपी कांस्टेबल और आरोप लगाने वाली महिला कांस्टेबल दोनों ही शादीशुदा है। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है फिर आगे कुछ कह पाएगी।