डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी को युवाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से खतरा महसूस होता है, क्योंकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष खुद को युवा नेता मानते थे, लेकिन अब युवाओं के बीच उनका वैसा आकर्षण नहीं रहा।
गोयल ने दावा किया कि जेन-जी हमेशा भाजपा के साथ रही है और युवा मतदाताओं का भाजपा को समर्थन बरकरार है। गोयल ने पत्रकारों से बातचीत में मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कहा, ‘प्रधानमंत्री जेन-जी के समर्थन और युवाओं की ताकत के बिना तीन बार नहीं जीत सकते थे। हमें पूरा भरोसा है कि समाज का हर वर्ग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।”
उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ उनका जुड़ाव व इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर उनकी मौजूदगी देश के विकास को गति देने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मोदी के विजन का समर्थन करते रहेंगे।
गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान’ की तारीफ की और कहा, “भारत को नशा-मुक्त बनाने के लिए हमारे युवाओं का जोश विकसित भारत की नींव रखेगा। मुझे पूरा भरोसा है कि युवा पुरुष और महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुसार नशे के विरुद्ध इस सामूहिक लड़ाई में शामिल होंगे।”
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)