• Thu. Apr 23rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

टिकट चेकिंग में पूर्व रेलवे को 2025- 26 में रिकॉर्ड 100 करोड़ की आय, 24 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी

Byadmin

Apr 23, 2026


राजीव कुमार झा, कोलकाता। पूर्व रेलवे ने टिकट चेकिंग के जरिए आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में जबर्दस्त प्रदर्शन किया है।

पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) डॉ उदय शंकर झा के मार्गदर्शन में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती और व्यापक पैमाने पर चलाए गए सुनियोजित चेकिंग अभियानों के चलते पूर्व रेलवे ने बीते वर्ष रिकार्ड 100.67 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 24.74 प्रतिशत अधिक है।

पीसीसीएम उदय शंकर झा ने इस उपलब्धि को कर्मचारियों के समर्पण और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता न केवल राजस्व की सुरक्षा है, बल्कि ईमानदार यात्रियों को सम्मानजनक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना भी है।

पूर्व रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच अनियमित/बिना टिकट यात्रा के 24.39 लाख मामले पकड़े, जो पिछले वर्ष से 10.37 प्रतिशत अधिक है।

रेलवे प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय नियमित जांच अभियानों, डेटा-आधारित तैनाती और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) व राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के समन्वय को दिया है।

पीसीसीएम डा झा ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों, व्यस्त मार्गों और ट्रेनों में विशेष अभियान चलाए गए, जिससे बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगा। सुधार के लिए रेलवे ने संवेदनशील ट्रेनों और व्यस्त समय की पहचान कर कर्मचारियों की तैनाती की। साथ ही, स्टेशनों के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर भीड़भाड़ के दौरान सघन जांच की गई।

यात्रियों को जागरूक करने के लिए लगातार चलाए गए अभियान

यात्रियों को जागरूक करने के लिए ‘सही टिकट के साथ यात्रा करें, एक जिम्मेदार रेल यात्री बनें’ जैसे अभियान भी लगातार चलाए गए। डा. झा ने बताया कि टिकट चेकिंग से प्राप्त हर राशि को यात्री सुविधाओं के सुधार में लगाया जाएगा।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को हर दो महीने में पुरस्कृत भी किया जा रहा है, जिससे टीम का मनोबल बढ़ा है।

पूर्व रेलवे ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट और पहचान पत्र के साथ यात्रा करें, ताकि जुर्माने और असुविधा से बचा जा सके। रेलवे ने भरोसा दिलाया कि वह यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और किफायती यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

By admin