• Tue. Jul 7th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन लगाकर पत्नी ने की पति की हत्या, पहले छत से धक्का देने का किया था प्रयास

Byadmin

Jul 7, 2026


डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक महिला ने कथित तौर पर अपने बीमार पति की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला ने इलाज करा रहे पति के कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है, जो गल्फ में काम करता था। प्रशांत की मां ने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 30 जून को अपने बेटे की मौत की खबर मिली।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें यह तक नहीं पता था कि उनका बेटा घर वापस आ गया है और मौत से पहले क्या-क्या घटनाएं हुईं। मां ने अपने बेटे की मौत को रहस्यमय बताते हुए अपनी बहू संध्या (32) पर शक जताया था।

अवैध संबंध के बाद कत्ल की साजिश

पुलिस जांच और तकनीकी सबूतों के आधार पर यह बात सामने आई कि संध्या का अनिल (35) नाम के एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था।

पुलिस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, संध्या और अनिल ने प्रशांत को रास्ते से हटाने की साजिश रची, क्योंकि उन्हें लगा कि वह उनके प्रेम प्रसंग में सबसे बड़ी बाधा है। अपनी इस खौफनाक योजना को अंजाम देने के लिए उन्होंने वेंकट साई नाम के एक अन्य व्यक्ति की मदद ली।

छत से धक्का देकर मारने का पहला प्रयास

साजिश के तहत 29 जून को साई प्रशांत के घर गया और उसे बहुत ज्यादा शराब पिलाई। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, इसके बाद साई प्रशांत को इमारत की छत पर ले गया और फोन पर संध्या के निर्देशानुसार उसे छत से नीचे धक्का दे दिया।

हालांकि, इस घटना में प्रशांत की जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद संध्या और साई घायल प्रशांत को इलाज के लिए पहले एक सरकारी अस्पताल ले गए। बाद में उसे एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन फिर वे उसे वापस घर ले आए।

कैनुला के जरिए दिया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन

घर लाने के बाद, प्रेमी अनिल के उकसाने पर संध्या ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। उसने इलाज के लिए प्रशांत के हाथ में लगे कैनुला के जरिए उसे टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा का इंजेक्शन लगा दिया। इतना ही नहीं, इसके बाद संध्या ने प्रशांत को खाट से नीचे धक्का दे दिया, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच के दौरान तीनों आरोपियों ने स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने विज्ञप्ति में बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

By admin