डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व हस्तांतरण का औपचारिक कार्यक्रम आज होगा। डीके शिवकुमार बुधवार दोपहर 4:10 बजे लोक भवन के ग्लास हाउस में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। 30 मई को उन्हें कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।

किसानों-महिलाओं पर फोकस
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद शिवकुमार आठ योजनाओं की घोषणा करने वाले हैं। ये सभी योजनाएं किसानों और महिलाओं के कल्याण पर केंद्रित होगी। सूत्रों के अनुसार, ये पहलें कृषि संकट, ग्रामीण आय और उत्पादकता बढ़ाने के इर्द-गिर्द तैयार की गई हैं।
मंत्रिमंडल गठन दो चरणों में
पहले चरण में करीब 15 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है, जबकि बाकी मंत्रियों को 18 जून को राज्यसभा चुनाव के बाद शपथ दिलाई जाएगी।
राज्यसभा उम्मीदवार तय
इस बीच कांग्रेस ने कर्नाटक की राज्यसभा सीटों के लिए मल्लिकार्जुन खरगे और मंसूर अली खान को मनोनीत करने का फैसला किया है। तीसरी सीट के लिए सुप्रिया श्रीनाते या पवन खेड़ा पर विचार चल रहा है।

बड़ी भीड़ और खुली जीप जुलूस
शपथ समारोह में बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। राज्य भर से कार्यकर्ता बेंगलुरु पहुंच रहे हैं। शक्ति प्रदर्शन के लिए 17,000 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है।
राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और समेत कांग्रेस के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। शिवकुमार ने विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया है। शपथ के बाद शिवकुमार लोक भवन से विधान सौधा तक खुली जीप में जुलूस निकालेंगे।