डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा के कुल 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल गुरुवार को वोटिंग होनी है। इसको लेकर चुनाव प्रचार का शोर अब थम गया है। वहीं, प्रचार के अंतिम दिन तमिलनाडु में सत्ता की दावेदारी करने वाले सभी मुख्य राजनीतिक पार्टियों ने अपना जोरदार चुनाव प्रचार किया। इसके साथ ही कई वादे भी किए।
एक तरफ मौजूदा सीएम एम के स्टालिन ने कोलाथुर में रोड शो करके और एक वीडियो संदेश जारी करके अपना चुनाव प्रचार खत्म किया। उन्होंने कहा, “जीत के बाद मेरा पहला दस्तखत उस फाइल पर होगा, जिसके तहत महिलाओं को घरेलू सामान खरीदने के लिए ₹8,000 रुपये के कूपन जारी किए जाएंगे।” इसके अलावा उत्पीड़न की शिकायतों को सुनने के लिए 24/7 वॉर रूम बनाने जैसे कुछ और वादे भी किए।
पलानीस्वामी ने विरोधियों को घेरा
वहीं, दूसरी तरफ एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने अपने गृह क्षेत्र सेलम में डीएमके पर तीखा हमला करते हुए अपना चुनाव प्रचार खत्म किया और वोटरों से परिवार की राजनीति करने वालों का अंत करने की अपील की। उन्होंने एक वीडियो जारी करके युवा वोटरों से कहा कि, वे अपना वोट बर्बाद न करें।
उन्होंने आगे “प्यारे भाइयों और बहनों, कृपया गलत व्यक्ति को वोट देने की गलती न करें।” यह बातें उन्होंने टीवीके के अध्यक्ष विजय की ओर इशारा करते हुए कही। उन्होंने कुछ नए वादे भी किए, जिसमें महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायतों को सुनने के लिए 24/7 वॉर रूम बनाना भी शामिल था।
इसके साथ ही एक्टर और टीवीके के अध्यक्ष विजय ने स्टालिन और एडप्पाडी के पलानीस्वामी पर सीधा हमला करके अपना चुनाव प्रचार खत्म किया। हालांकि, इस दौरान भाजपा का चुनाव प्रचार थोड़ा धीमा रहा, बस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने बाइक चलाई और कोयंबटूर उत्तर से उम्मीदवार वनथी उनके पीछे बैठी थी। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और AAP नेता अरविंद केजरीवाल ने अपने गठबंधन के साथियों के लिए चुनाव प्रचार किया।