डिजिटल डेस्क, चेन्नई। मुख्यमंत्री विजय ने आज कहा कि तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के नेतृत्व वाले तमिलनाडु के सत्ताधारी गठबंधन का नाम सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस रखा गया है, जो पार्टी के धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को दर्शाता है।
टीवीके और कांग्रेस के अलावा इस गठबंधन में एमडीएमके, आईयूएमएल और वीसीके भी शामिल हैं। टीवीके इस गठबंधन का नेतृत्व करेगी। गठबंधन का नाम तय होने के बारे में बताते हुए वीसीके नेता एसएस बालाजी ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विचार था। उन्होंने कहा कि इस नाम से सभी को यह साफ हो जाएगा कि गठबंधन बीजेपी और फासीवादी ताकतों का विरोध करेगा।
क्या इंडी गठबंधन का हिस्सा बनेगी टीवीके?
उन्होंने कहा, “आलोचना होती रही है कि टीवीके बीजेपी के प्रति नरम रुख रखती है, लेकिन अब स्थिति साफ हो जाएगी।” जब बालाजी से पूछा गया कि क्या टीवीके विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में शामिल होगा तो उन्होंने कहा कि ऐसा तब होगा जब टीवीके के पास संसद सदस्य होंगे। अभी उनके पास कोई सांसद नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन का नाम सर्वसम्मति से तय किया गया और यह धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित होगा। उन्होंने कहा, “आज मुख्यमंत्री विजय की अगुवाई में गठबंधन का नाम तय करने के लिए बैठक हुई। उपचुनाव के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कल की जाएगी।”
गठबंधन को लेकर कांग्रेस क्या बोली?
मीडिया से बात करते हुए तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के प्रमुख मणिकम टैगोर ने कहा कि टीवीके और कांग्रेस के बीच विचारों को लेकर कोई मतभेद नहीं है और टीवीके सही समय पर गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का समर्थन करेगी।
हाल ही में विजय को पीएम बनाने की बढ़ती मांगों को लेकर कांग्रेस असहज हो गई थी। कांग्रेस मंत्री राजेश कुमार ने साफ कर दिया था कि इस तरह के अभियान के कारण टीवीके सरकार में कांग्रेस मंत्रियों का बने रहना मुश्किल हो जाएगा।