इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल
गांधी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महिला पत्रकार से कथित तौर पर एक पुलिस
अधिकारी की बदसलूकी के मामले पर सवाल उठाया है.
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित
शाह पर भी हमला बोला है और पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाया है.
राहुल गांधी ने शनिवार देर रात एक्स पर लिखा, “जंतर-मंतर पर एक महिला पत्रकार ने एक
पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है. घंटों से सैकड़ों पत्रकार सिर्फ़ इतनी
माँग लेकर बैठे हैं कि एफ़आईआर दर्ज कर ली जाए. ये तो पुलिस का बुनियादी काम है न?
वो भी नहीं किया.”
उन्होंने कहा, “आज ही जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोग हिरासत में लिए
गए. महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी के आरोप हैं. कैमरे छीने गए, पत्रकार घसीटे गए. और ये पहली बार नहीं है. इससे
पहले भी हमने वीडियो सबूतों के साथ देखा है कि पुलिस के अफ़सर महिलाओं के साथ
घिनौनी बदसलूकी करते हैं.”
राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा
कि जिस पुलिस पर महिलाओं की हिफ़ाज़त की ज़िम्मेदारी है, वही महिलाओं पर हाथ उठा रही है.
शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के
दौरान एक महिला पत्रकार ने एक पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी के आरोप लगाए थे. इसको
लेकर कई पत्रकार ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए और एफ़आईआर
दर्ज करने की मांग की.