पहाड़ी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली किस कदर मरीजों पर भारी पड़ रही है, इसका उदाहरण इस बार मेघालय से सामने आया है। राज्य के पश्चिम खासी हिल्स जिले के डोमक्यरकोह गांव में अपने बीमार बेटे को बचाने के लिए मां करीब तीन घंटे तक उसे गोद में लेकर पैदल चलती रही, लेकिन वह बच्चे को बचा नहीं सकी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चा जिंदगी की जंग हार गया और मां की गोद में दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद माता-पिता ने उसे अस्पताल ले जाने के लिए रातभर वाहन की व्यवस्था करने की कोशिश की। गांव तक पहुंचने वाली सड़क बेहद खराब होने के कारण वाहन चालक वहां आने को तैयार नहीं हुए। चालकों ने परिवार से कहा था कि वे बच्चे को करीब 10 किलोमीटर दूर मावडेट गांव तक लेकर आएं, जहां से वाहन मिल सकता है।
एक मासूम की मौत ने व्यवस्था पर उठाए सवाल: इस घटना ने केवल एक परिवार को नहीं झकझोरा है, बल्कि दूरदराज इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में इलाज में होने वाली देरी कभी-कभी जिंदगी और मौत के बीच का फर्क बन जाती है। गांव के मुखिया बी. सियेम ने घटना की पुष्टि की और प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की।