इमेज स्रोत, Getty Images
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक यात्री फ्लाइट बुधवार सुबह अचानक सऊदी अरब की ओर मोड़ दी गई और उसे वहीं लैंड करना पड़ा.
इसराइली मीडिया के मुताबिक़, उड़ान के दौरान पायलट और को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद विमान ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा और कुछ समय के लिए हाइजैकिंग की आशंका पैदा हो गई.
फ्लाइट FZ1073 ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. इसमें क़रीब 150 से 180 लोग सवार थे, जिनमें ज़्यादातर इसराइली नागरिक थे.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा. यह सामान्य आपात स्थिति का संकेत होता है. कुछ मिनट बाद विमान ने कोड 7500 भेजा, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप या हाइजैकिंग का संकेत देता है. बाद में विमान ने फिर से 7700 कोड भेजा.
इमेज स्रोत, LightRocket via Getty Images
फ्लाइटरडार24 के डेटा के मुताबिक़, सऊदी अरब के ऊपर विमान ने अचानक दिशा बदली और तेज़ी से नीचे उतरना शुरू किया. विमान दो मिनट से भी कम समय में 17,000 फीट यानी 5,000 मीटर से ज़्यादा नीचे आ गया.
इसके बाद विमान ने करीब सात मिनट तक इमरजेंसी सिग्नल जारी किया. 05:40 पर फ्लाइट कुछ समय के लिए जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई. कुछ मिनट बाद यह फिर सऊदी अरब की ओर मुड़ गई और इसके बाद उतरना शुरू कर दिया.
विमान को तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन यह उत्तर-पूर्वी सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतरा.
यात्रियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि घटना के दौरान जब विमान नीचे आने लगा तो उन्हें अपनी जान का डर सताने लगा.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स से एक इसराइली अधिकारी ने नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पायलटों के बीच हाथापाई होने के बाद दोनों ने इमरजेंसी सिग्नल भेजे थे. हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों में से किसी पायलट ने जानबूझकर इमरजेंसी सिग्नल भेजा था या नहीं.
इसराइली प्रसारक एन12न्यूज़ के चीफ़ पॉलिटिकल एनलिस्ट अमित सेगल ने एक्स पर लिखा कि ऐसा लगता है कि दोनों पायलटों के बीच उड़ान के दौरान हाथापाई हुई, जिसके बाद पूरे मध्य पूर्व में हाई अलर्ट कर दिया गया.
उनकी इस टिप्पणी को रीपोस्ट करते हुए इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने कहा कि घटना ने पूरे मध्य पूर्व, ख़ासकर इसराइल में, लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर कर दिया था. उन्होंने कहा कि अच्छा है कि मामला इससे ज़्यादा गंभीर नहीं हुआ.
यरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में इसराइली वायुसेना ने अपने अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया था.
इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इस घटना को हाइजैकिंग नहीं माना जा रहा है.
इससे पहले इसराइल के तीन सुरक्षा अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया था कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस उड़ान को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया. इसराइली सेना ने एक बयान में कहा कि सेना प्रमुख अयाल ज़मीर ने वायुसेना के कमांडर और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया.
फ्लाईदुबई के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि फ्लाइट को “रास्ते में एक घटना का सामना करना पड़ा.” प्रवक्ता ने कहा कि जैसे-जैसे और जानकारी मिलेगी, उसके बारे में अपडेट जारी किए जाएंगे.
प्रवक्ता ने कहा, “हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं.”
फ्लाईदुबई दुबई और तेल अवीव के बीच रोज़ाना उड़ानें संचालित करती है. यह मार्ग इसराइली नागरिकों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.