इमेज स्रोत, Shaktimaya Tamang
उत्तरी नेपाल के कुछ हिस्सों में आई भीषण बाढ़ के बाद भारी जान-माल के नुक़सान की आशंका जताई जा रही है. बाढ़ में कई गांव बह गए और एक पनबिजली बांध सहित बुनियादी ढांचे को नुक़सान पहुंचा है.
बुधवार तड़के नेपाल की राजधानी काठमांडू के उत्तर में स्थित रसुवा इलाक़े में बाढ़ आ गई. यह इलाक़ा तिब्बत से सटा हुआ है और चीन के साथ नेपाल के मुख्य व्यापार मार्ग पर पड़ता है.
अधिकारियों का मानना है कि यह बाढ़ तिब्बत से नेपाल की ओर बहने वाली भोटे कोशी नदी में गिरी बर्फ़ के पिघलने के कारण आई थी.
नदी के निचले इलाक़ों में स्थित कई ज़िलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. रसुवा के मुख्य ज़िला अधिकारी नरेंद्र परियार ने बीबीसी न्यूज़ नेपाली को बताया कि अधिकारियों को भारी नुक़सान की आशंका है. फ़िलहाल नुक़सान के पैमाने का सटीक आकलन करना जल्दबाज़ी होगी.
राहत और बचाव अभियान में अब तक बारह लोगों को बचाया जा चुका है.
काठमांडू में रहने वाले चीनी व्यवसायी यी लियांग ने बीबीसी को बताया, “हमारी लॉजिस्टिक्स कंपनी के सात कंटेनर ट्रक वहां मौजूद हैं, जिनमें सभी नेपाली कर्मचारी काम करते हैं. हमारा उन सभी से संपर्क टूट गया है. वहां सिग्नल नहीं है, इसलिए हम किसी से भी बात नहीं कर पा रहे हैं.”
“जहां तक मुझे पता है, कोई चेतावनी नहीं दी गई थी. कभी-कभार भूस्खलन और मिट्टी खिसकने की घटनाएं होती थीं, खासकर बरसात के मौसम में, लेकिन यह घटना कहीं अधिक गंभीर लगती है.”
नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संवेदनशील क्षेत्रों में नदी के किनारों के पास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और एहतियात बरतने का आह्वान किया है.
स्थिति का जायजा लेने के लिए आपातकालीन बैठक करने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “चिकित्सा दल, स्काउट्स और रेड क्रॉस के समन्वय से ज़रूरी कदम उठाने का काम शुरू हो गया है.”
अधिकारियों ने बताया कि रसुवा जिले में दो चौकियों से सशस्त्र पुलिस बल के 13 अधिकारी लापता हैं. इसके अलावा दर्जनों अन्य पुलिस अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है.
पिछले साल रासुवा में भीषण बाढ़ आई थी जिसमें सीमा के चीनी हिस्से में एक ग्लेशियर के टूटने के बाद 18 लोगों की मौत हो गई थी.
अधिकारियों का मानना है कि बुधवार की आपदा का पैमाना पिछले साल की बाढ़ से कहीं अधिक है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.