डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण तथा उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अपने जीवन का एक लंबा समय साथ बिताने के बाद अलग होने का फैसला किया है।
उपमुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, यह निर्णय आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया है। बयान में कहा गया, “अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा एक साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी।”
निजता का सम्मान करने की अपील
अपने शुभचिंतकों से बात करते हुए इस कपल ने लोगों से अपील की कि वे उनके जीवन के इस मुश्किल दौर में उनकी निजता का सम्मान करें। साथ ही, उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया जो इस सफर में उनके साथ खड़े रहे।
बयान के अंत में कहा गया, “जीवन के इस बदलाव के दौर में हम आपसे समझदारी, दयालुता और हमारी निजता के सम्मान की उम्मीद करते हैं। इस पूरे सफर में जो लोग हमारे साथ खड़े रहे, हम उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।”
तीन शादियां कर चुके हैं पवन कल्याण
अभिनेता चिरंजीवी और नागेंद्र बाबू के छोटे भाई पवन कल्याण ने 1996 में फिल्म अक्कडा अम्मायी इक्कडा अब्बायी से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इससे पहले उनकी शादियां नंदिनी और अभिनेत्री-मॉडल रेणु देसाई से हुई थीं। पवन ने 1997 में नंदिनी से शादी की थी, लेकिन जल्द ही उनका रिश्ता खत्म हो गया।
बाद में 2009 में उन्होंने रेणु देसाई से शादी की और 2012 में वे अलग हो गए। इस पूर्व जोड़े के दो बच्चे हैं अकीरा नंदन और आध्या। 2013 में पवन ने अन्ना से शादी की, जो मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं। उनके दो बच्चे हैं पोलिना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच।