इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Image
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने सोमवार शाम पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से मुलाक़ात की.
इस दौरान उन्होंने अमेरिका से ईरान के प्रति अपना लहजा और रवैया बदलने की अपील की.
पेज़ेश्कियान ने कहा कि दबाव और धौंस के ज़रिए आगे बढ़ने से समझौतों को लागू करने की प्रक्रिया और जटिल होगी.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि अमेरिका को ‘क़ानून और अंतरराष्ट्रीय मानकों’ के आधार पर ईरान के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं और इस्लामाबाद एमओयू का पालन करना चाहिए.
ईरानी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की मध्यस्थता के लिए उसका आभार जताया.
उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच लगातार सहयोग से इस्लामाबाद एमओयू के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी.
यह एमओयू जून में पाकिस्तान की मध्यस्थता से ईरान और अमेरिका के बीच हुआ था.
गौरतलब है कि सोमवार को जनरल आसिम मुनीर से अलग-अलग बैठकों में ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगर ग़ालिबाफ़ और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसिन रेज़ाई ने भी अमेरिका से समझौते का पालन करने की मांग की.