डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए 51,000 युवाओं को वर्चुअली नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं।
आप सभी देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण और जिम्मेदार भागीदार बन रहे हैं। आप सभी रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आप सभी की एक महत्वपूर्ण भूमिका होगी
स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए नए वैश्विक अवसर
भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हर नई साझेदारी के साथ, हम भारतीय स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और युवा पेशेवरों को दुनिया से जुड़ने के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। इससे भारतीय युवाओं को एडवांस्ड एक्सपर्टीज, वैश्विक बाजारों और विकास के नए अवसरों तक पहुंच मिलेगी।
दुनिया उन देशों का सम्मान करती है जो बड़े पैमाने पर इनोवेशन करते हैं, निर्माण करते हैं और डिलीवरी देते हैं। भारत इन तीनों दिशाओं में तेजी से प्रगति कर रहा है, और इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ी ताकत भारत के युवा हैं। मैं दुनिया में कहीं भी जाता हूं, वहां भारत की युवा शक्ति पर चर्चा करने में काफी समय बिताता हूं।
क्लीन एनर्जी और नई अर्थव्यवस्था में बढ़ती साझेदारी
भविष्य की तकनीक और रोजगार के नए अवसरों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि क्लीन एनर्जी (स्वच्छ ऊर्जा), क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन हाइड्रोजन और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े क्षेत्र तेजी से बढ़ रहे हैं। इनसे जुड़ी साझेदारियां नई अर्थव्यवस्था में विकास के नए दरवाजे खोल रही हैं।