• Wed. Nov 18th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

पेपर लीक पर लगेगी लगाम, टैबलेट टच करते ही खुलेगा प्रश्नपत्र, मॉडल तैयार

Byadmin

Nov 18, 2026


गौरी शर्मा, नई दिल्ली। नीट, एसएससी और अन्य राज्य स्तरीय बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।

प्रश्नपत्रों का गलत हाथों में पहुंचना हो या परीक्षा केंद्रों के नेटवर्क में सेंधमारी कर उत्तरों से छेड़छाड़ जैसी चुनौतियों से निपटना बड़ी जरूरत बन गया है।

छात्र प्रदर्शन के साथ ही चिंताओं को लेकर एक ऐसा मॉडल तैयार किया है जिससे पेपर लीक होने की घटनाओं में कमी आने की संभावनाएं बढ़ गई है। विशेष कि इसके निदान के लिए आईटी बाम्बे द्वारा एक खास इनक्यूबेट तैयार किया गया है।

जिसमें बिना इंटरनेट, वाइ फाइ, ब्लूटूथ या लोकल एरिया नेटवर्क (लैन) के बिना ही एक टैबलेट से दूसरे टैबलेट तक प्रश्नपत्र कुछ सेकेंडों में ही भेजा जा सकेगा।

TEAM

कैसे रुकेगी धांधली?

प्रश्नपत्र हल करने के लिए भी इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। ऐसा होने पर धांधली रूकेगी। इस इक्यूबेटके तहत एक विशेष रिले कार्ड है, जिसे लगाकर टैबलेट को आपस में संपर्क में लाकर प्रश्नपत्र भेजा जा सकेगा। मौजूदा समय में प्रतियोगी परीक्षाओं में ओएमआर और कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) दोनों प्रारूपों का इस्तेमाल होता है।

ओएमआर में प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका रहती है, जबकि सीबीटी केंद्रों में लैन आधारित नेटवर्क के जरिये सेंधमारी और उत्तरों में बदलाव की चुनौती सामने आती है। रिले कार्ड तकनीक का उद्देश्य नेटवर्क पर निर्भरता घटाकर परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाना है।

उत्साहजनक यह कि पिछले वर्ष ही केंद्र सरकार से इस तकनीक को पेटेंट भी मिल गया है और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआइसीटीई) ने विश्वविद्यालयों से उसे अपनाने की अनुशंसा की है। जबकि, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए केंद्र सरकार द्वारा इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में गठित समिति को भी पिछले माह यह माडल भेजा गया है।

यह तकनीक भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आइआइटीएफ) के हाल नंबर-14 में प्रदर्शित किया है, जो युवाओं को लुभा रहा है। डीप टेक स्टार्टअप के प्रतिनिधि गोविंद ने बताया कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं और परीक्षा केंद्रों में नेटवर्क के जरिये संभावित छेड़छाड़ को देखते हुए यह माडल तैयार किया गया है। कंपनी का उद्देश्य प्रश्नपत्र को सीमित और सुरक्षित माध्यम से परीक्षार्थियों तक पहुंचाना है।

gggg (2)

टैबलेट टच करते ही खुलेगा पेपर

एक टैबलेट से दूसरे तक ऐसे पहुंचेगा प्रश्नपत्र इस व्यवस्था में केवल परीक्षा केंद्र प्रमुख के टैबलेट में इंटरनेट कनेक्शन रहेगा। जिसके माध्यम से प्रश्नपत्र सबसे पहले इसी टैबलेट में पहुंचेगा।

इसके बाद केंद्र प्रमुख अपने टैबलेट में लगे रिले कार्ड को परीक्षक के टैबलेट से टच कराएगा। परीक्षक अपने टैबलेट को परीक्षार्थी के टैबलेट से टच कर प्रश्नपत्र आगे भेज सकेगा।

इस तरह प्रश्नपत्र एक डिवाइस से दूसरी डिवाइस तक पहुंचता जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों के उत्तर भी इसी प्रक्रिया से वापस एकत्र किए जा सकेंगे। यानी प्रश्नपत्र भेजने से लेकर उत्तर वापस लेने तक की पूरी प्रक्रिया में परीक्षार्थियों और कक्ष निरीक्षकों के टैबलेट आफलाइन रहेंगे।

जैमर भी नहीं रोक पाएगा डेटा का आदान-प्रदान परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल नेटवर्क और वायरलेस संचार रोकने के लिए आरएफ जैमर लगाए जाते हैं।

ऐसे में सामान्य वायरलेस नेटवर्क आधारित डिजिटल परीक्षा प्रणाली में प्रश्नपत्र पहुंचाना चुनौती बन सकता है। कंपनी का दावा है कि रिले कार्ड तकनीक जैमर लगे होने के बावजूद काम करेगी।

इसमें सर्वर, राउटर, स्विच और ब्लूटूथ जैसे नेटवर्क उपकरण लगाने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के मुताबिक, इससे परीक्षा केंद्रों के नेटवर्क के जरिये बाहरी हैकरों द्वारा प्रश्नपत्र और उत्तरों में छेड़छाड़ की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।

प्रति प्रश्नपत्र खर्च भी हो जाएगा कम

कंपनी के अनुसार, मौजूदा व्यवस्था में एसएससी की परीक्षा में प्रति प्रश्नपत्र करीब 300 रुपये और एनटीए की परीक्षा में लगभग 400 रुपये तक खर्च आता है। रिले कार्ड तकनीक से यह खर्च करीब 250 रुपये प्रति प्रश्नपत्र रह सकता है।

एक परीक्षा केंद्र पर न्यूनतम दो रिले कार्ड से काम किया जा सकेगा। इसका इस्तेमाल करना भी आसान होगा। छोटे गांवों और दूरदराज के परीक्षा केंद्रों पर भी इसे अपनाया जा सकता है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या रहती है।

एनटीए, एसएससी और सीबीएसई के सामने रखा माडल कंपनी इस तकनीक को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सामने भी प्रस्तुत कर चुकी है।

जहां आगे की प्रक्रिया को लेकर बातचीत जारी है। कंपनी के अनुसार, व्यापार मेले के बाद तकनीकी मूल्यांकन और संभावित इस्तेमाल पर बैठक प्रस्तावित है।

By admin