• Wed. May 20th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

पोर्ट ब्लेयर घटना के बाद एक्शन: हवाई सुरक्षा के लिए DGCA और रक्षा एजेंसियां मिलकर बनाएंगी नया सिस्टम

Byadmin

May 20, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआइबी) ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और रक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए एक औपचारिक व्यवस्था बनाने की सिफारिश की है। यह सिफारिश फरवरी 2024 में पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे पर हुई एक गंभीर घटना की जांच रिपोर्ट में की गई है, जिसमें एअर इंडिया का विमान और भारतीय नौसेना का हेलीकाप्टर हवा में बेहद करीब आ गए थे।

रिपोर्ट के अनुसार, दो फरवरी 2024 को एअर इंडिया का ए319 विमान पोर्ट ब्लेयर से कोलकाता जा रहा था। उसी समय भारतीय नौसेना का एएलएच एमके-3 हेलीकाप्टर प्रशिक्षण मिशन पर उड़ान भर रहा था। जांच में पाया गया कि अप्रोच कंट्रोलर द्वारा हवाई यातायात की स्थिति का सही आकलन नहीं किया गया, जिसके कारण दोनों विमानों के बीच दूरी बेहद कम रह गई।

स्थिति गंभीर होने पर चेतावनी जारी की गई, जिसके बाद हेलीकाप्टर ने तुरंत दाईं ओर मुड़कर विमान के रास्ते से खुद को अलग किया। बाद में एअर इंडिया का विमान अपने तय मार्ग पर आगे बढ़ गया, जबकि हेलीकाप्टर सुरक्षित रूप से वापस उतर गया।

एएआईबी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि डीजीसीए, एएआइबी और रक्षा एजेंसियों—विशेषकर वायुसेना, नौसेना और सेना—के बीच सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान का कोई स्पष्ट और औपचारिक तंत्र नहीं है। ब्यूरो ने याद दिलाया कि इससे पहले भी ग्वालियर और उमरी में हुई घटनाओं की जांच रिपोर्टों में ऐसी सिफारिशें की गई थीं, लेकिन अब तक उन्हें लागू नहीं किया गया।

रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि पोर्ट ब्लेयर में बढ़ते हवाई यातायात को देखते हुए भारतीय नौसेना वहां द्वितीयक रडार प्रणाली लगाने पर विचार करे, ताकि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को विमानों की निगरानी और संचालन में बेहतर मदद मिल सके।

एएआईबी ने यह भी कहा कि डीजीसीए को अपने नियमों में संशोधन कर रक्षा विमानों या रक्षा हवाई अड्डों से जुड़ी घटनाओं की जांच प्रक्रिया को और स्पष्ट करना चाहिए।इसके अलावा, एअर इंडिया को अपने पायलटों और उड़ान कर्मचारियों को रेडियो संचार अनुशासन का पालन करने के प्रति और अधिक जागरूक करने की सलाह दी गई है। इस घटना को एएआइबी ने ‘गंभीर घटना’ की श्रेणी में रखा था।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

By admin