निर्देशक प्रियदर्शन की साल 2026 में दो फिल्में रिलीज हुईं। जहां अप्रैल में रिलीज हुई ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, वहीं सितंबर में रिलीज हुई ‘हैवान’ को दर्शकों ने नापसंद किया। बीते दिनों निर्देशक ने 2006 में रिलीज हुई अपनी सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘भागम भाग’ के सीक्वल की घोषणा भी की, हालांकि इसका निर्देशन प्रियदर्शन खुद नहीं करेंगे।
सीक्वल पर क्या बोले प्रियदर्शन?
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में प्रियदर्शन से आने वाले सीक्वल को लेकर सवाल पूछा गया। इसका जवाब देते हुए प्रियदर्शन ने कहा, ‘मैं कभी सीक्वल नहीं बनाता, क्योंकि पार्ट 2 बनाने का कारण यह है कि वह पार्ट 1 से बेहतर होना चाहिए। जैसे टर्मिनेटर फ्रैंचाइजी में पार्ट 2, पार्ट 1 से बेहतर था। तो जब तक आपके पास कोई बहुत बेहतर कहानी न हो, तब तक आपको सीक्वल नहीं बनाना चाहिए। लोग हमेशा तभी सीक्वल बनाते हैं जब पहली फिल्म सफल हो जाती है, इसलिए अगर आपका दूसरा भाग पहले भाग से बेहतर नहीं हो सकता तो फ्रैंचाइजी सिनेमा का कोई महत्व नहीं रह जाता।’