• Fri. Sep 11th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

बंगाल: हुगली में ममता की सभा स्थगित, सिंगल बेंच की अनुमति को राज्य ने दी चुनौती

Byadmin

Sep 11, 2026


राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के हुगली जिले के माहेश में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में होने वाली तृणमूल की सभा स्थगित हो गई है।

कलकत्ता हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने गुरुवार को शर्तों के साथ सभा की अनुमति दी थी, लेकिन राज्य ने उसी आदेश को डिवीजन बेंच में चुनौती दी।

इसके बाद डिवीजन बेंच ने शुक्रवार को सुनवाई होने तक कार्यक्रम स्थगित रखने का निर्देश दिया। मामले की सुनवाई शुक्रवार दोपहर 12 बजे मुख्य न्यायाधीश की डिवीजन बेंच करेगी।

न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की सिंगल बेंच ने माहेश के जगन्नाथदेव स्नानपीढ़ी मैदान में दोपहर एक से तीन बजे तक सभा की अनुमति दी थी। साथ ही जुलूस पर रोक और दो हजार से अधिक लोगों के जुटने पर पाबंदी लगाई थी।

राज्य की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता बिल्बादल भट्टाचार्य ने डिवीजन बेंच में कहा कि सभा के लिए स्वीकृत मैदान निजी संपत्ति है।

मैदान के मालिक ने अदालत को बताया कि जमीन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा माहेश के रथ मेले के लिए दी जाती है, लेकिन राजनीतिक कार्यक्रम के लिए इसे देने की उनकी इच्छा नहीं है।

इस पर मुख्य न्यायाधीश रवींद्र विठ्ठलराव ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम से पहले आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए और ऐसा स्थान चुना जाना चाहिए, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने तृणमूल से वैकल्पिक स्थान तय करके आने को कहा।

By admin