• Mon. Nov 16th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

बांग्लादेश: शेख़ हसीना की वापसी की मांग पर गोपालगंज में हिंसा, सरकार ने डीसी और एसपी को हटाया

Byadmin

Nov 16, 2026


बांग्लादेश के गोपालगंज में रविवार को हुए हिंसक प्रदर्शन की तस्वीर

इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के गोपालगंज में रविवार को हुए हिंसक प्रदर्शन की तस्वीर

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 6 मिनट

रविवार को बांग्लादेश के गोपालगंज में सरकार ने डिप्टी कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक को उनके पदों से हटा दिया है. यह कार्रवाई भारत में रह रहीं शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों के विरोध प्रदर्शन और हिंसा के बाद की गई है. बांग्लादेश में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है.

इससे पहले, अवामी लीग से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने पार्टी के ज़िला कार्यालय पर क़ब्ज़ा कर लिया और उसमें तोड़फोड़ की. उन्होंने शहर के लॉन्चघाट इलाक़े में स्थित जुलाई स्मारक को भी जला दिया. पुलिस के एक वाहन को आग लगाने की भी ख़बरें आईं.

शहर के कुछ अन्य हिस्सों में भी तोड़फोड़ की ख़बरें आईं. पुलिस की एक गाड़ी पर ‘जय बांग्ला’ लिखे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर कुछ स्थानीय सड़कों को भी अवरुद्ध कर दिया.

विरोध प्रदर्शन के दौरान गोपालगंज गवर्नमेंट कॉलेज की नेमप्लेट हटा दी गई और उसकी जगह कॉलेज के पुराने नाम ‘गवर्नमेंट बंगबंधु कॉलेज’ का बैनर लगा दिया गया. अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के पतन के बाद कॉलेज का नाम बदलकर गोपालगंज गवर्नमेंट कॉलेज कर दिया गया था.

रविवार को दिनभर चले विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने गोपालगंज के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद आरिफ़-उज़-ज़मान और पुलिस अधीक्षक मोहम्मद हबीबुल्लाह को उनके पदों से हटा दिया.

By admin