इमेज स्रोत, ANI Video Grab
पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के भाई और रैपर मीका सिंह ने कहा है कि उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फ़ोन किया और अब वो यह विवाद ख़त्म करना चाहते हैं.
दरअसल, उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित सिद्धिपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान मशहूर गायक दलेर मेहंदी की परफ़ॉर्मेंस के समय उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन पर शराब पीकर गाने और लिप्सिंग करने का आरोप लगाया था.
इस मामले पर मीका सिंह ने शुक्रवार को कहा, “अब इस मामले को ख़त्म करने का समय है, ख़ासकर तब जब मुझे उत्तराखंड के सम्मानित मुख्यमंत्री धामी साहब का ख़ास फ़ोन आया. वह बहुत अच्छे इंसान हैं और बिल्कुल भी घमंड नहीं करते. उन्होंने हमसे बहुत प्यार और अच्छे तरीक़े से बात की.”
उन्होंने कहा, “मेरी अब भी एक गुज़ारिश है सुबोध जी, अगर आप दलेर जी को फ़ोन करके माफ़ी मांग लें, तो यह सही होगा. आपने उनकी इज़्ज़त को बहुत नुकसान पहुंचाया है. मुझे अब भी उम्मीद है कि आप माफ़ी मांगेंगे.”
मीका ने कहा, “हमारे मन में किसी के लिए कोई निजी दुश्मनी नहीं है. हम गुंडे या झगड़ा करने वाले लोग नहीं हैं, जो मुक़दमे करने के लिए घूमते रहें, लेकिन आपने जो किया, वह ग़लत था. दलेर भाई ने चुप रहना चुना और उनके इस तरह शांत रहने पर लोगों ने जिस तरह प्रतिक्रिया दी, वह बहुत शानदार रही.”
मीका ने कहा कि वो हर रोज़ दलेर मेहंदी से बात करते हैं और अब उनकी तबीयत काफ़ी बेहतर है.