• Tue. Nov 17th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘बोफोर्स सौदे में क्वात्रोच्ची को मिली थी रिश्वत, लेकिन संस्मरण में चुप्पी’, चित्रा सुब्रमण्यम ने सोनिया गांधी की किताब पर उठाए सवाल

Byadmin

Nov 17, 2026


जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। बोफोर्स तोप सौदे का विवाद एक बार फिर चर्चा में है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में इस मामले का जिक्र किए जाने के बाद पत्रकार चित्रा सुब्रमण्यम ने उनके दावों पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने किताब को बोफोर्स मामले की लीपापोती करार देते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के मित्र और इतालवी कारोबारी ओत्तावियो क्वात्रोच्ची को इस सौदे में रिश्वत मिली थी, लेकिन संस्मरण में उनके बारे में चुप्पी साध ली गई है।

चित्रा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने किताब में अपने परिवार का बोफोर्स सौदे से कोई संबंध होने और इससे किसी तरह का आर्थिक लाभ मिलने से इनकार किया है। इसके उलट, उनका दावा है कि क्वात्रोच्ची की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

स्वीडिश पुलिस प्रमुख का भी किया जिक्र

चित्रा ने बताया कि उन्होंने किताब के संबंध में स्वीडिश पुलिस प्रमुख स्टेन लिंडस्ट्रोम से बात की थी। लिंडस्ट्रोम बोफोर्स मामले में उनके प्रमुख सूत्रों में से एक रहे हैं। किताब के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कथित तौर पर कहा, ”आपको और क्या उम्मीद थी?”

पत्रकार ने क्वात्रोच्ची के भारत में प्रभावशाली संपर्कों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, क्वात्रोच्ची पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में काम करता था और नौकरशाहों के बीच उसकी अच्छी पहुंच थी।

चित्रा ने बताया कि उनके पिता भी दिल्ली में क्वात्रोच्ची के घर आयोजित एक रात्रिभोज में शामिल हुए थे। वहां क्वात्रोच्ची और गांधी परिवार की तस्वीरें प्रमुखता से लगी थीं। चित्रा ने आरोप लगाया कि क्वात्रोच्ची ने बोफोर्स कंपनी को भरोसा दिलाया था कि वह उसे भारत में तोपों का सौदा दिला सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब भारतीयों से यह मानने की अपेक्षा की जा रही है कि इस सौदे में कोई रिश्वत नहीं दी गई थी।

मीडिया की चुप्पी पर भी निशाना

चित्रा ने मुख्य धारा के मीडिया पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि दिल्ली का मीडिया गांधी परिवार के प्रति सम्मान बनाए रखने के दबाव में इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा नहीं करता।

उन्होंने पत्रकारों की चुप्पी की तुलना उन तीन बंदरों से की, जो न कुछ देखते हैं, न सुनते हैं और न बोलते हैं। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों से गोपनीयता हटने और लोगों के खुलकर बोलने के साथ इस मामले में और जानकारियां सामने आ सकती हैं। उनके मुताबिक, भारत में किसी को क्लीन चिट देने की परंपरा अंतरराष्ट्रीय मंच पर काम नहीं करेगी।

By admin