07:00 PM, 17-Nov-2026
पीएम मोदी बोले- हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद आपूर्ति शृंखला, उभरती तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में क्वाड देश मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि इस बैठक से हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाने के साझा लक्ष्य को नई गति मिली है। साथ ही सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय किए गए हैं।
Had a productive discussion with Quad leaders in Manila today. From maritime security and trusted supply chains to emerging technologies and disaster response, the Quad remains committed to delivering trusted solutions for the Indo-Pacific. Today’s meeting has given fresh momentum to our shared vision for a free, open, peaceful and prosperous Indo-Pacific, with concrete goals for the next phase of our cooperation.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2026
06:16 PM, 17-Nov-2026
क्वाड बैठक में पीएम मोदी ने उठाया जमीन पर रखा तिरंगा, ट्रंप बोले- इसे संभालकर रखिए
फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। बैठक में शामिल होने के लिए जब क्वाड देशों के नेता पहुंचे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां जगह बताने के लिए जमीन पर रखा भारतीय तिरंगा उठा लिया। यह झंडा बैठक स्थल पर भारत की जगह पहचानने के लिए स्पॉट मार्कर के तौर पर लगाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी को तिरंगा उठाते देख अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘इसे संभालकर रखिए।’ इस दौरान का वीडियो व्हाइट हाउस की ओर से जारी किया गया है।
#WATCH | Manila, Philippines | PM Narendra Modi picks up the Indian flag used as the spot marker as QUAD leaders arrive for the meeting. US President Donald Trump says, “Save it (the flag) (Video Source: The White House) https://t.co/rBMUmghSIY
— ANI (@ANI) November 17, 2026
05:52 PM, 17-Nov-2026
ट्रंप का एलान, क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों के साथ करेंगे सैन्य अभ्यास
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक में समुद्री सुरक्षा को लेकर बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों के साथ एक संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे। ट्रंप ने कहा कि ताकत के दम पर शांति बनाए रखने के प्रयासों के तहत यह अभ्यास किया जाएगा।
ट्रंप ने आगे कहा कि हाल ही में चारों देशों की नौसेनाओं ने जापान के पास 30वां वार्षिक मालाबार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया। इसमें नौसैनिकों ने पनडुब्बी रोधी और सतह पर मौजूद युद्धपोतों के खिलाफ युद्धाभ्यास किया। ट्रंप ने कहा कि आज के समय में पनडुब्बी रोधी क्षमता बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। सतह पर मौजूद जहाजों के खिलाफ युद्धाभ्यास लंबे समय से किया जा रहा है, लेकिन पनडुब्बियों से निपटने की जरूरत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने अमेरिकी पनडुब्बियों को बेहद उन्नत बताते हुए कहा कि अमेरिका ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के साथ इस दिशा में काम कर रहा है।
04:58 PM, 17-Nov-2026
पीएम मोदी ने आसियान देशों के सामने रखे सहयोग के आठ प्रस्ताव, समुद्री सुरक्षा से साइबर अपराध तक पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में आयोजित आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सहयोग बढ़ाने के लिए आठ अहम पहल सुझाईं। इनमें समुद्री सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आपदा प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना, साइबर धोखाधड़ी रोकने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान शामिल हैं। इसके अलावा अंतरिक्ष तकनीक के इस्तेमाल के लिए आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन और महत्वपूर्ण खनिजों की मजबूत आपूर्ति शृंखला बनाने के लिए संयुक्त तंत्र विकसित करने का प्रस्ताव दिया।
पीएम मोदी ने युवाओं को जोड़ने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन का भी सुझाव दिया। वहीं, फिल्मों, गेमिंग, संगीत और एनिमेशन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान संबंधों के 35 साल पूरे होने की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में साझा संकल्प एक सुरक्षित, समृद्ध और बेहतर तरीके से जुड़े भविष्य का निर्माण करना है। इसमें आसियान की केंद्रीय भूमिका रहेगी।
04:39 PM, 17-Nov-2026
पीएम मोदी बोले- मनीला और क्वाड का पुराना और खास रिश्ता, यहीं से शुरू हुई थी चारों देशों की साझेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मनीला और क्वाड का पुराना और खास रिश्ता रहा है। उन्होंने बताया कि 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक इसी शहर में हुई थी। इसके 10 साल बाद 2017 में यहीं से चारों देशों ने एक बार फिर बातचीत शुरू की थी। पीएम मोदी ने कहा कि इस ऐतिहासिक शहर में दोबारा क्वाड की बैठक होना एक अहम पड़ाव है। उन्होंने बताया कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह उनकी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है।
#WATCH | Manila, Philippines: At the meeting with Quad leaders, PM Narendra Modi says, “…It gives me immense pleasure to meet you all. Manila and Quad have shared an age-old and special bond. In 2007, officials of the four countries met for the first time right here. 10 years after that in 2017, it was here in this city that we started our dialogue once again. Today, holding a Quad meeting once again in this historic city, marks an important milestone. Since January last year till date, our foreign ministers have met 5 times. This bears testimony to our political will and shared commitment towards our partnership…” (Video: ANI/DD News)
— ANI (@ANI) November 17, 2026
04:22 PM, 17-Nov-2026
ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया ‘मजबूत शख्स’, मनीला में क्वाड बैठक से पहले की तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘टफ गाइ’ (मजबूत शख्स) बताया। ट्रंप की यह टिप्पणी दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान सामने आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगे यह भी कहा कि जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची तो उनसे भी ज्यादा मजबूत हो सकती हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ अमेरिका के अच्छे संबंध हैं। वे लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके साथ उनकी दोस्ती भी है। ट्रंप ने कहा कि इन नेताओं के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध होने से भी सहयोग में मदद मिलती है।
‘क्वाड की वापसी से सहयोग और दोस्ती हुई मजबूत’, ट्रंप बोले- चारों देश हिंद-प्रशांत के अहम साझेदार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि क्वाड की वापसी के बाद चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ा है और उनकी दोस्ती पहले से ज्यादा गहरी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी नेता एक-दूसरे के दोस्त हैं और इससे आपसी सहयोग आसान होता है। ट्रंप ने भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया को दुनिया के सबसे सफल और कुछ मामलों में सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि ये चारों देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार प्रमुख स्तंभ हैं। चारों देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक कूटनीति के मुद्दों पर बेहतर तालमेल और मजबूत संबंध हैं।
04:19 PM, 17-Nov-2026
पीएम मोदी ने थाईलैंड और सिंगापुर के प्रधानमंत्रियों से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। ये मुलाकातें 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट से इतर हुईं। सिंगापुर के प्रधानमंत्री के साथ बैठक में निवेश, बुनियादी ढांचे, नवाचार, सेमीकंडक्टर और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। वहीं, थाईलैंड के प्रधानमंत्री के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, कनेक्टिविटी, डिजिटल तकनीक, संस्कृति और पर्यटन जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। इन बैठकों में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।
04:08 PM, 17-Nov-2026
ट्रंप मनीला पहुंचे, 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल; क्वाड देशों के नेताओं से भी करेंगे चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए हैं। इस दौरे के दौरान वह क्वाड समूह के नेताओं के साथ भी चर्चा करेंगे। इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री शामिल हो सकते हैं।
#WATCH | Philippines: US President Donald Trump arrives in Manila to participate in the 49th ASEAN Summit and hold discussions with leaders of the Quad grouping. (Video: US Network Pool via Reuters) https://t.co/EY1p9Bi3Yl
— ANI (@ANI) November 17, 2026
04:00 PM, 17-Nov-2026
आसियान सम्मेलन LIVE: क्वाड बैठक में पीएम मोदी ने उठाया जमीन पर रखा तिरंगा, ट्रंप बोले- इसे संभालकर रखिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिलीपींस दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक प्रतिस्पर्धा, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक व्यापार को लेकर दुनिया के प्रमुख देशों की सक्रियता बढ़ रही है। दक्षिण-पूर्व एशिया इस पूरे घटनाक्रम का अहम केंद्र बनकर उभरा है। भारत के लिए भी यह क्षेत्र सिर्फ पड़ोसी देशों के साथ व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी विदेश नीति, आर्थिक हितों और समुद्री सुरक्षा से सीधे जुड़ा है। यही वजह है कि भारत अपनी एक्ट ईस्ट नीति के तहत आसियान देशों के साथ रिश्तों को लगातार विस्तार दे रहा है।
फिलीपींस में आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों में भारत की भागीदारी इसी रणनीति का हिस्सा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लिया। भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 साल 2027 में पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में दोनों पक्ष व्यापार, निवेश, तकनीक, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और सुरक्षा के क्षेत्र में साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। खास बात यह है कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की आबादी का करीब एक चौथाई हिस्सा रखते हैं। दोनों के आर्थिक और रणनीतिक हित भी एक-दूसरे से जुड़े हैं।
इस दौरे का एक बड़ा घटनाक्रम क्वाड देशों के नेताओं की बैठक रही। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। सितंबर 2024 के बाद यह चारों देशों के नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक थी। यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वापसी के बाद पहली बार क्वाड नेताओं ने एक साथ बैठक की। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव, समुद्री रास्तों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, नई तकनीक और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दे इस समूह के लिए अहम बने हुए हैं। हालांकि, क्वाड देश आधिकारिक तौर पर इसे किसी एक देश के खिलाफ बना गठबंधन नहीं बताते।
बैठक के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘टफ मैन’ बताया और चारों देशों के बीच गहरी दोस्ती और सहयोग की बात कही। वहीं, मोदी ने मनीला को क्वाड के इतिहास से जोड़ते हुए बताया कि 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक इसी शहर में हुई थी। 2017 में भी यहीं से चारों देशों के बीच संवाद दोबारा शुरू हुआ था। इस तरह मनीला की बैठक केवल मौजूदा रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा नहीं, बल्कि क्वाड के पुराने रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी अहम रही।
प्रधानमंत्री ने थाईलैंड और सिंगापुर के प्रधानमंत्रियों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय मुलाकातें भी कीं। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर और बुनियादी ढांचे में सहयोग जैसे मुद्दे उठे। इसके अलावा मोदी ने मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे के नए परिसर का शिलान्यास किया। यह गुरुद्वारा फिलीपींस में भारतीय समुदाय के सौ साल से अधिक पुराने इतिहास और दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। अब इस दौरे के नतीजों पर भी नजर रहेगी। क्या भारत और आसियान के बीच व्यापारिक रिश्तों को नई गति मिलेगी? क्या समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में चारों क्वाड देश ठोस सहयोग की दिशा में आगे बढ़ेंगे? और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते हालात के बीच भारत अपनी रणनीतिक भूमिका को किस तरह मजबूत करेगा?