• Thu. Jun 4th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

भाजपा विधायक की सख्त मांग: ‘हेलमेट न पहनने वालों की बाइक एक महीने के लिए की जाए जब्त’

Byadmin

Jun 4, 2026


आईएएनएस, गुवाहाटी। असम में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और युवाओं की मौतों को लेकर भाजपा विधायक भूपेन बोरा ने सरकार और पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक बोरा ने बुधवार को कहा कि हेलमेट न पहनकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ केवल जुर्माना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी बाइक भी एक महीने के लिए जब्त की जानी चाहिए। उनका मानना है कि कड़ी कार्रवाई से सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और हादसों में कमी आएगी।

गुवाहाटी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भूपेन बोरा ने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के टिकिरा इलाके में हाल ही में कई दर्दनाक सड़क हादसे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि तीन युवकों की बाइक दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

विधायक ने कहा कि दुर्घटनाओं से प्रभावित अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने युवाओं के लिए बाइक की गति सीमा तय करने जैसे कड़े उपायों पर भी विचार करने की आवश्यकता बताई।

By admin