• Fri. Nov 27th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘मन का न हो तो और भी अच्छा…’, भारत-US ट्रेड डील पर पीयूष गोयल को याद आई हरिवंश राय बच्चन की कविता

Byadmin

Nov 27, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को हरिवंश राय बच्चन की कविता का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील अब अंतिम रूप लेने के करीब है।

इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 को वर्चुअली संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि जिस प्रक्रिया और रास्ते की वजह से इस डील को अंतिम रूप देने में रुकावट आ रही थी, वह अब तेजी से आकार लेने लगी है।

हरिवंश राय बच्चन की पंक्तियों से दिया जवाब

हरिवंश राय बच्चन की पंक्तियों को याद करते हुए गोयल ने कहा कि दुनिया में व्यापार से जुड़ी जो बाधाएं आईं, भारत वैसा नहीं चाहता था, लेकिन देश ने इस स्थिति को भी अपने फायदे में बदल दिया।

उन्होंने कहा कि हरिवंश राय बच्चन जी की जयंती के अवसर पर उनकी ये पंक्तियां याद आती हैं कि मन का हो तो अच्छा, मन का न हो तो ज्यादा अच्छा।

दुनिया में जो कुछ भी हुआ, वह हमारी इच्छा के अनुसार नहीं था, लेकिन हमने इसे भारत की विकास गाथा के लिए एक ऐसे अवसर में बदल दिया जो आने वाले वर्षों में 140 करोड़ भारतीयों के लिए फायदेमंद साबित होगा।

अमेरिकी टैरिफ विवाद के बीच यूरोपीय संघ के साथ डील

गोयल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने मैन्युफैक्चरिंग में जरूरत से ज्यादा क्षमता होने के आरोपों की जांच (धारा 301) के तहत भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है।

हालांकि, अमेरिका ने यह भी संकेत दिया है कि यदि दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार समझौता हो जाता है, तो प्रस्तावित टैरिफ की दर को घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है।

इसके साथ ही गोयल ने जानकारी दी कि भारत और ईयू के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है और यह मार्च या अप्रैल 2027 तक लागू हो सकता है।

दुनिया के बड़े बाजारों तक भारत की बढ़ती पहुंच

केंद्रीय मंत्री ने व्यापार समझौतों के विस्तार पर बात करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में भारत ने 38 विकसित देशों को कवर करने वाले नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है। इससे 70 ट्रिलियन डॉलर की संयुक्त जीडीपी वाले बाजारों तक भारत की पहुंच आसान हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में आठ से नौ अन्य समझौतों पर बातचीत चल रही है, जिनके पूरा होने से 85 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्थाओं तक भारतीय बाजार की पहुंच और बढ़ सकती है।

1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य की ओर भारत

गोयल ने कहा कि भू-राजनीतिक संघर्षों, तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैरिफ से जुड़ी बाधाओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूती से बनी हुई है।

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है और सितंबर तिमाही में भी यह तेजी जारी रहने की उम्मीद है।

देश में निवेश करीब 12 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि बैंक कर्ज में लगभग 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में भारत का निर्यात करीब 570 बिलियन डॉलर रहा है, जबकि अक्टूबर में यह लगभग 90 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

गोयल ने विश्वास जताया कि निर्यातकों, निर्माताओं, सेवा प्रदाताओं और कृषि व मत्स्य पालन क्षेत्रों के योगदान से भारत अपने 1 ट्रिलियन डॉलर के वार्षिक निर्यात लक्ष्य को हासिल करने की सही राह पर है।

अमेरिकी आरोपों पर भारत का स्पष्ट रुख

भारत ने स्पष्ट किया है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान अमेरिका के साथ चल रही द्विपक्षीय बातचीत के जरिए ही किया जाना चाहिए। नई दिल्ली ने मैन्युफैक्चरिंग में अतिरिक्त क्षमता होने के अमेरिकी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और कहा है कि वह द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की दिशा में काम करेगा।

गौरतलब है कि अमेरिका की पहली धारा 301 जांच को वहां की अदालत में पहले ही कानूनी चुनौती दी जा चुकी है और इस नई कार्रवाई को भी अमेरिकी अदालतों में चुनौती दिए जाने की पूरी संभावना है।

यह भी पढ़ें- India US Trade Deal पर पीयूष गोयल ने कर दिया साफ, भारत पर लगेगा कम टैरिफ! क्या है डील फाइनल की डेडलाइन?

यह भी पढ़ें- ‘अमेरिका में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता पहुंच पर बन चुकी है सहमति’, मिस्र में बोले पीयूष गोयल

By admin