एएनआई, नई दिल्ली। भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में पकड़े गए तीन फरार भारतीय गैंग्सटरों को वापस लाने में कामयाबी हासिल की है। फरार गैंग्सटरों जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह का संबंध बंबीहा गैंग से है।
उन पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी और पंजाब के लुधियाना में ग्रेनेड हमले की नाकाम कोशिश समेत कई आरोप हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट कर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हमारी एजेंसियों ने अकेले 2026 में 51 कुख्यात अपराधियों को वापस लाने में मदद की है।
भारतीय एजेंसियों ने मलेशियाई अधिकारियों के साथ लगातार तालमेल बिठाकर इन तीनों गैंग्सटरों को भारत वापस लाने में कामयाबी हासिल की है। यह कदम भारत के वांछित भगोड़े वीरेंद्र सिंह बसोया को हिरासत में लिए जाने के कुछ दिनों बाद उठाया गया है।
बसोया को 14 अगस्त की सुबह संयुक्त अरब अमीरात से लौटने पर राष्ट्रीय राजधानी के आइजीआइ एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। वह विदेश में रहकर सिंडिकेट की गतिविधियों को कोआर्डिनेट करता था, जो भारत से दूसरे देशों में मेफेड्रोन की खेप भेजने में मदद करता था।
गृह मंत्रालय के अनुसार, भगोड़ों को उनके अपराधों के लिए कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए भारत वापस लाना ड्रग कंट्रोल विजन डाक्यूमेंट (2026-2029) के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने जैसा है।
इस रोडमैप के तहत, अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करते हुए, विदेशों से काम कर रहे नशीले पदार्थों से जुड़े अन्य अहम भगोड़ों की पहचान करने, पता लगाने और वापस लाने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं।