डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के उपनगरीय इलाके मीरा रोड स्थित जेपी इंफ्रा कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को एक बड़ी दुर्घटना हो गई। निर्माणाधीन हाईराइज इमारत पर काम चल रहे दौरान अचानक एक क्रेन गिर गई, जिससे नीचे पार्क किए गए कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना जेपी इंफ्रा कॉम्प्लेक्स के निर्माण स्थल पर हुई। क्रेन के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास का इलाका दहल गया। क्रेन सीधे नीचे खड़े निजी कारों और दोपहिया वाहनों पर गिरी, जिससे कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति का नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन दल और बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। टीमों ने नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है। क्रेन हटाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम भी चल रहा है।