डिजिटल डेस्क, मुंबई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने दही-हांडी के जश्न के दौरान घायल होने वाले गोविंदाओं के लिए नगर निगम के अस्पतालों में 100 से अधिक बेड तैयार रखे हैं।
शनिवार को जन्माष्टमी के जश्न के तहत गोविंदाओं की टोलियां एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी और कई मंजिला इंसानी पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटके दही से भरे मिट्टी के बर्तन फोड़ेंगी। हर साल पिरामिड बनाते समय गिरने से कई गोविंदा घायल हो जाते हैं।
बीएमसी ने जारी किया बयान
बीएमसी ने कहा कि नगर निगम के सभी अस्पताल घायल गोविंदाओं का मुफ्त में इलाज करेंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि नगर निगम के 16 उपनगरीय अस्पतालों और सायन में लोकमान्य तिलक म्युनिसिपल जनरल हास्पिटल, परेल में केईएम हास्पिटल और मुंबई सेंट्रल में नायर हास्पिटल में 100 से ज्यादा बेड तैयार रखे जाएंगे।
बयान में कहा गया है कि अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा लवंगारे ने नगर निगम के अस्पतालों के डीन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सा अधीक्षकों को गोविंदाओं के इलाज की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।