डिजिटल डेस्क, शिलांग। मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जहां लापालांग इलाके के एक कुएं के अंदर जहरीले धुएं के कारण पांच लोगों की मौत हो गई।
यह घटना शुक्रवार को एक निजी निर्माण स्थल पर हुआ। राहत बचाव दल ने शनिवार को सभी शवों को बाहर निकाल लिया।
पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस प्रमुख विवेक सिएम ने बताया कि चार मजदूर कुएं से पानी निकाल रहे थे तभी जनरेटर से निकलने वाले जहरीले धुएं के कारण उनका दम घुट गया। जिससे उनकी मौत हो गई।
मजदूरों को बचाने के लिए उसी इलाके में रहने वाले दो सगे भाई उतरे थे। वे भी मुसीबत में फंस गए। तत्काल बचाव प्रयासों के बावजूद, उनमें से पांच की मौत हो गई, जबकि एक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। जांचकर्ताओं ने बताया कि वे घटना के कारणों की छानबीन कर रहे हैं।
कुएं से पानी निकालने के दौरान बिगड़े हालात
पुलिस के अनुसार, रिनजाह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले निर्माण स्थल पर चार मजदूर कुएं के भीतर जमा पानी को बाहर निकालने का काम कर रहे थे। पानी निकालने के लिए जनरेटर की मदद से पंप लगाकर निकाला जा रहा था।
शुरुआती जांच में सामने आआ है कि जनरेटर से निकले जहरीले धुएं और ऑक्सीजन की कमी के कारण मजदूरों का दम घुटने लगा, देखते ही देखते हालात इतनी गंभीर हो गई की वे कुएं में ही बेहोश हो गए।